स्कूल परिसर में अश्लील गानों पर नाचे शिक्षक-छात्र, शिक्षा विभाग ने जारी किया शो कॉज नोटिस।
बोकारो, झारखंड।
सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन के दौरान बोकारो जिले के पीएम श्री एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, कसमार में शिक्षक और छात्र अश्लील गानों पर झूमते नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने दिखाई सख्ती
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) जगर्नाथ लोहरा ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित छह कर्मियों को शो कॉज नोटिस जारी किया है।
नोटिस पाने वालों में प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. फारुख अंसारी, शिक्षक धनंजय कुमार, अशोक रजवार, प्रशांत ओझा, प्रयोगशाला सहायक रिशु कुमार और लिपिक सुदीप शर्मा शामिल हैं।
डीईओ ने सभी से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षकों का यह आचरण निंदनीय, आपत्तिजनक और शिक्षा की गरिमा के विपरीत है, जिससे विभाग की छवि को ठेस पहुंची है।
विशेष श्रेणी का विद्यालय
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि यह विद्यालय भारत सरकार द्वारा विशेष विद्यालय (PM SHRI School) की श्रेणी में नामित है। विद्यालय को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। शिक्षा मंत्रालय की केंद्रीय टीम ने भी विद्यालय की कार्यशैली और शैक्षणिक माहौल की सराहना की थी।
इसके बावजूद विद्यालय परिसर में इस प्रकार की गतिविधि “शिक्षा मंदिर की मर्यादा” के विपरीत मानी गई है।
छात्राओं और अभिभावकों पर असर
डीईओ ने कहा कि विद्यालय में ग्रामीण क्षेत्रों की कई छात्राएं अध्ययनरत हैं, जिन पर ऐसे कृत्यों का मानसिक दुष्प्रभाव पड़ सकता है। साथ ही, अभिभावकों का सरकारी विद्यालयों पर जो विश्वास है, उस पर भी आघात पहुंचा है।
विभागीय कार्रवाई की तैयारी
डीईओ जगर्नाथ लोहरा ने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं हुआ, तो नियमित विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मामला जिला शिक्षा स्थापना समिति में रखा जाएगा और राज्य कार्यालय (माध्यमिक निदेशालय) को भी भेजा जाएगा।
“टीजीटी शिक्षकों पर निर्णय जिला स्तर पर लिया जा सकता है, लेकिन पीजीटी शिक्षकों के मामले को राज्य कार्यालय भेजा जाएगा,”
— जगर्नाथ लोहरा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, बोकारो
Comments
Post a Comment