माह-ए-रमजान का हुआ आगाज।
तरावीह की नमाज शुरु, उमड़े नमाजी
सैय्यद फरहान अहमद
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
मुस्लिम समाज के लोग आसमान पर नजरें गड़ाए रहे। मौसम साफ न होने की वजह से गोरखपुर में माह-ए-रमजान के चांद का नहीं दिखा। उलमा किराम ने पुष्टि की है कि माह-ए-रमजान का चांद गोरखपुर में नजर नहीं आया है, लेकिन देश के कुछ हिस्सों में माह-ए-रमजान का चांद देखा गया है लिहाजा माह-ए-रमजान का पहला रोजा गुरुवार 19 फरवरी से शुरु होगा। जिसके साथ ही रमजान शरीफ का पहला अशरा 'रहमत' का शुरु हो गया। माह-ए-रमजान का पहला रोजा करीब 12 घंटा 51 मिनट का होगा। रमजान का पहला रोजा सबसे छोटा व अंतिम रोजा सबसे बड़ा होगा। रमजान को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
माह-ए-रमजान की आमद से शहर में रौनक छा गई। मुस्लिम समाज में खुशियां फैल गई। लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद पेश की। सोशल मीडिया पर रमजान की खास दुआ व मुबारकबाद के मैसेज शेयर किए गए। सभी लोग अल्लाह की इबादत में जुट गए और गुनाहों की माफी मांगी।
चांद की पुष्टि होने के बाद बुधवार से ही तरावीह की नमाज शुरु हो गई। पुरुषों ने मस्जिद में तरावीह की नमाज अदा की। घरों में महिलाओं ने तरावीह की नमाज पढ़ी। नमाज, कुरआन-ए-पाक की तिलावत, तस्बीह व दुआ का सिलसिला चल पड़ा, जो लगातार एक माह तक जारी रहेगा। लोगों ने अल्लाह की हम्द व सना की और इबादत में लग गए। एक महीने बाद खुशियों का त्योहार ईद परंपरा के अनुसार मनाया जाएगा।
सहरी व इफ्तार की तैयारी
तरावीह की नमाज खत्म होने के साथ ही लोग गुरुवार से शुरु होने वाले रोजे की सहरी व इफ्तार की तैयारियों में जुट गए। चांद दिखने के बाद सहरी की तैयारी ने बाजारों की रौनक बढ़ा दी। तुर्कमानपुर, जाफरा बाजार, नखास चौक, इलाहीबाग और गोरखनाथ जैसे इलाकों में सहरी और इफ्तार के सामानों के लिए पहले से सजी दुकानों पर भीड़ देखने को मिली। मोहल्ले के नुक्कड़ भी लोगों के उत्साह से लबरेज दिखे। कहीं सेवईयां खरीदी जा रही थीं तो कहीं खजूर। सेवईयाें व खजूर की क्वॉलिटी को लेकर लोग संजीदा दिखे। यह रौनक पूरे एक माह तक बरकरार रहेगी। गुरुवार से रमजान में सहरी व इफ्तार के दस्तख्वान पर सजे लजीज पकवान, फल, खजूर वगैरा रोजेदार का इस्तकबाल करते नजर आएंगे। नखास पर सेवई, खजूर, टोपी व इत्र का जलवा है।
यहां पढ़ी गई तरावीह की नमाज
बुधवार को जिले की सभी मस्जिदों व कुछ मदरसों में तरावीह की बीस रकात नमाज अदा की गई। सब्जपोश हाउस मस्जिद जाफरा बाजार, नूरी मस्जिद तुर्कमानपुर, बिलाल मस्जिद अलहदादपुर, सुन्नी बहादुरिया जामा मस्जिद रहमतनगर, गाजी मस्जिद गाजी रौजा, मदीना मस्जिद रेती, चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर, फिरदौस जामा मस्जिद जमुनहिया बाग सहित जिले की सभी मस्जिदों में तरावीह की नमाज अदा की गई। दरगाह हजरत मुबारक खां शहीद मस्जिद नार्मल व मदरसा दारुल उलूम हुसैनिया दीवान बाजार में नमाजियों की भीड़ उमड़ी। हाफिज रहमत अली निजामी, मौलाना महमूद रजा, कारी मोइनुद्दीन, कारी अंसारुल हक, हाफिज सफील्लाह निजामी, हाफिज गुलाम जीलानी, हाफिज मुजम्मिल आदि ने तरावीह की नमाज पढ़ाई।
सुन्नी
पहला रोजा (19 फरवरी 2026)
सहरी - 5:06 बजे सुबह
इफ्तार - 5:57 बजे शाम
दूसरा रोजा (20 फरवरी 2026)
सहरी - 5:05 बजे सुबह
इफ्तार - 5:58 बजे शाम
Comments
Post a Comment