2500 करोड़ की विकास परियोजनाओं पर चल रहा कार्य, जल्द होगा मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास - दयाशंकर सिंह
ब्यूरो चीफ किशन जायसवाल
बलिया, उत्तर प्रदेश।
प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र में लगभग 46 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दुबहड़–चंदवक–ढेलहवा बाबा मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का विधि-विधान से भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बलिया के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र में करीब 2,500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।
मंत्री ने कहा कि इस सड़क परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता बलिया विधानसभा को प्रदेश के सबसे विकसित क्षेत्रों में शामिल करना है और विकास के मामले में अब यह क्षेत्र किसी से पीछे नहीं रहेगा।
दयाशंकर सिंह ने बताया कि वैना बाईपास का निर्माण लगभग 390 करोड़ रुपये की लागत से प्रथम चरण में कराया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद शहर में जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल और अन्य आधारभूत संरचनाओं का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि बलिया के बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास भी शीघ्र ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कर-कमलों से कराया जाएगा। मेडिकल कॉलेज बनने से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और गंभीर उपचार के लिए अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि भविष्य में बलिया विधानसभा क्षेत्र चारों ओर से फोरलेन सड़कों के नेटवर्क से जुड़ जाएगा। इससे औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा, बड़े उद्योगों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा तथा विकास प्राधिकरण के गठन की दिशा में भी नई संभावनाएं खुलेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जिन परियोजनाओं का आज शिलान्यास किया जा रहा है, उनका उद्घाटन भी वर्तमान सरकार ही करेगी।
Comments
Post a Comment