ईश्वर केवल सच्चे प्रेम, निष्कपट सेवा और समर्पित भक्ति से ही प्रसन्न होते है:- राजन जी महाराज

छठवें दिन श्रीराम कथा में उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़,"जय श्रीराम" के उद्घोष में डूबा पूरा पंडाल,श्रद्धालु हुए भाव विभोर
धनंजय कुमार शर्मा
बांसडीह, बलिया, उत्तर प्रदेश। 
बेरूआरबारी क्षेत्र स्थित भगवान दास मंदिर, करीहरा में बाबा अमरनाथ सेवा समिति एवं विधायक केतकी सिंह के संयोजन में आयोजित भव्य श्रीराम कथा महोत्सव के छठवें दिन भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का अनुपम दृश्य देखने को मिला। विश्वविख्यात कथा-वाचक राजन जी महाराज के श्रीमुख से भगवान श्रीराम की दिव्य लीलाओं का श्रवण करने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
      राजन जी महाराज ने भगवान श्रीराम के विवाह उपरांत अयोध्या आगमन, माता कैकेयी द्वारा वनवास मांगने तथा श्रीराम के वनगमन के प्रसंगों का अत्यंत मार्मिक वर्णन करते हुए कहा कि श्रीराम का संपूर्ण जीवन त्याग, मर्यादा, सत्य, धर्म और कर्तव्य पालन का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का चरित्र आज भी समाज को आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
    कथा के दौरान राजन जी महाराज ने श्रीराम और केवट के प्रेमपूर्ण मिलन का अत्यंत भावुक वर्णन किया। उन्होंने कहा कि केवट प्रसंग केवल भगवान को गंगा पार कराने की कथा नहीं, बल्कि निष्काम सेवा, अटूट श्रद्धा और समर्पण का अमर संदेश है। केवट ने भगवान श्रीराम के चरण धोने का आग्रह इसलिए किया क्योंकि वह प्रभु के चरणों की दिव्यता और महिमा को भली-भांति जानता था।
    महाराज ने कहा कि भगवान के लिए न जाति का कोई भेद है और न ही धन-दौलत का महत्व। ईश्वर केवल सच्चे प्रेम, निष्कपट सेवा और समर्पित भक्ति से ही प्रसन्न होते हैं। केवट की विनम्रता और निष्कलंक श्रद्धा से प्रसन्न होकर भगवान श्रीराम ने उसे अपना स्नेह प्रदान किया। यह प्रसंग प्रत्येक व्यक्ति को प्रेम, सेवा और समानता का संदेश देता है।
    कथा के बीच-बीच में प्रस्तुत मधुर भजनों और संगीतमय प्रवचनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर "जय श्रीराम" के उद्घोष के साथ झूमते रहे। कथा के समापन पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
    इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजधारी सिंह, विधायक केतकी सिंह, ब्लॉक प्रमुख चन्द्र भूषण सिंह, संत अवधेश जी महाराज, शम्भू नाथ तिवारी, राकेश सिंह, गनेश सिंह, प्रमोद सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भक्ति, अनुशासन और धार्मिक उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

Comments

Popular posts from this blog

The Robotics and AI Innovation Lab was inaugurated at Carmel Girls' Inter College.

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

जो सिफत बाप में होती है कमोबेश वही सिफत औलाद में पाई जाती है - मुफ्ती अकरम