मोहर्रम के दृष्टिगत थाना श्यामदेउरवा में पीस कमेटी बैठक आयोजित।

करूणाकार राम त्रिपाठी 
महराजगंज, उत्तर प्रदेश 
आगामी मोहर्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से थाना श्यामदेउरवा परिसर में पीस कमेटी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा की गई।
बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजियादारों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के सम्मानित व्यक्तियों ने सहभागिता की। इस दौरान अधिकारियों द्वारा उपस्थित लोगों से संवाद स्थापित करते हुए मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी सद्भाव एवं अनुशासन के साथ मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दिया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनपद पुलिस द्वारा मोहर्रम के दृष्टिगत सभी आवश्यक सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों का पालन करने, यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की।
बैठक में उपस्थित लोगों द्वारा भी अपने सुझाव एवं समस्याएं रखी गईं, जिनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी तथा जनसहयोग से मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराया जाएगा।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों से सामाजिक सौहार्द, आपसी समन्वय एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।

Comments

Popular posts from this blog

The Robotics and AI Innovation Lab was inaugurated at Carmel Girls' Inter College.

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

जो सिफत बाप में होती है कमोबेश वही सिफत औलाद में पाई जाती है - मुफ्ती अकरम