राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर मंथन, नराकास की छमाही बैठक और कार्यशाला संपन्न।

ब्यूरो चीफ फुरकान कुरैशी 
लखनऊ, उत्तर प्रदेश।
भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई), उत्तरी क्षेत्र, अलीगंज में गुरुवार को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास-कार्यालय-2), लखनऊ की वर्ष 2026 की प्रथम छमाही बैठक एवं राजभाषा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीएसआई उत्तरी क्षेत्र के अपर महानिदेशक एवं विभागाध्यक्ष तथा नराकास अध्यक्ष राजिन्दर कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राजभाषा विभाग, भारत सरकार के सहायक निदेशक (कार्यान्वयन) अजय कुमार चौधरी उपस्थित रहे।
बैठक में केंद्र सरकार के विभिन्न सदस्य कार्यालयों के विभागाध्यक्षों, कार्यालय प्रमुखों, राजभाषा अधिकारियों एवं हिंदी अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान राजभाषा नीति, वार्षिक कार्यक्रम 2026-27 तथा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सदस्य कार्यालयों की छमाही प्रगति रिपोर्टों पर चर्चा करते हुए हिंदी पत्राचार, हिंदी प्रशिक्षण, कार्यशालाओं के आयोजन, राजभाषा नियमों के अनुपालन और सूचना प्रबंधन प्रणाली में रिपोर्टिंग की स्थिति का मूल्यांकन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, लखनऊ द्वारा प्रकाशित राजभाषा पत्रिका ‘आयुषवाणी’ के प्रथम अंक का विमोचन भी किया गया। वक्ताओं ने इसे हिंदी के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इसके साथ आयोजित राजभाषा कार्यशाला में इंडियन बैंक के मुख्य प्रबंधक (राजभाषा) एवं नराकास सचिव डॉ. अंजनी कुमार पाण्डेय ने संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण एवं उससे संबंधित तैयारियों पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने निरीक्षण प्रक्रिया, अभिलेखों के संधारण तथा राजभाषा संबंधी आंकड़ों के प्रबंधन के बारे में उपयोगी जानकारी साझा की।
मुख्य अतिथि अजय कुमार चौधरी ने केंद्र सरकार के कार्यालयों में हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन में नराकास की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी कार्यालयों से राजभाषा संबंधी प्रावधानों के शत-प्रतिशत अनुपालन का आह्वान किया। वहीं अध्यक्ष राजिन्दर कुमार ने हिंदी के संवर्धन और कार्यालयी कार्यों में उसके बढ़ते प्रयोग पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और गति देने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का संचालन कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी अखिलेश सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ बैठक और कार्यशाला का समापन हुआ।

Comments

Popular posts from this blog

The Robotics and AI Innovation Lab was inaugurated at Carmel Girls' Inter College.

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

जो सिफत बाप में होती है कमोबेश वही सिफत औलाद में पाई जाती है - मुफ्ती अकरम