11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल।
बांसडीह, बलिया, उत्तर प्रदेश।
बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर ग्राम सभा में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 11,000 वोल्ट के हाई-टेंशन बिजली तार की चपेट में आने से जनार्दन यादव और उनके पुत्र राजेश यादव की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लंबे समय से हाई-टेंशन लाइन के नंगे और जर्जर तार लोगों के लिए खतरा बने हुए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद बिजली विभाग ने इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी लापरवाही का परिणाम यह दर्दनाक हादसा बना, जिसमें पिता-पुत्र की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, ग्रामीणों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा तथा क्षेत्र की जर्जर बिजली लाइनों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, बिजली विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
Comments
Post a Comment