24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा: बुजुर्ग की ईंट से हत्या करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार।
बलिया, उत्तर प्रदेश।
सहतवार थाना क्षेत्र के उदहा गांव में बुजुर्ग की ईंट से कूचकर की गई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। संयुक्त पुलिस टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट और वारदात के समय पहने गए खून से लथपथ कपड़े बरामद किए हैं। त्वरित कार्रवाई और सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस टीम को ₹25 हजार केनकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई की रात उदहा गांव निवासी व्यास वर्मा अपनी ट्यूबवेल पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उनके सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ प्रहार कर उनकी निर्मम हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही सहतवार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर स्वाट टीम के साथ जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सुरागों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम वर्मा और गोपाल वर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और जमीन का विवाद मुख्य वजह था। पुलिस के मुताबिक, शिवम वर्मा अपने परिवार के साथ हुए पुराने विवाद का बदला लेना चाहता था, जबकि गोपाल वर्मा का मृतक से भूमि संबंधी विवाद चल रहा था। दोनों ने पहले साथ बैठकर शराब पी और फिर योजनाबद्ध तरीके से ट्यूबवेल पर सो रहे व्यास वर्मा के सिर पर ईंट से कई वार कर उनकी हत्या कर दी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट और घटना के समय पहने गए खून से लथपथ कपड़े बरामद कर लिए हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने ब्लाइंड मर्डर का मात्र 24 घंटे में सफल अनावरण करने पर सहतवार थाना पुलिस एवं स्वाट टीम की सराहना करते हुए संयुक्त पुलिस टीम को ₹25 हजार के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की।
Comments
Post a Comment