बलिया में 4 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला, L&T करेगी विभिन्न पदों पर भर्ती।
बलिया, उत्तर प्रदेश।
नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। जिला सेवायोजन कार्यालय, बलिया की ओर से 4 जुलाई 2026 को राजकीय आईटीआई, रामपुर उदयभान परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेले में देश की प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र की कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेगी।
रोजगार मेले के माध्यम से शटरिंग कारपेंटर, सरिया फिटर, राजमिस्त्री, स्कैफोल्डर, टाइल्स एवं मार्बल मिस्त्री, पेंटर, हेल्पर तथा सुपरवाइजर सहित कई पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को योग्यता एवं पद के अनुसार ₹22,000 से ₹45,000 प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी की सेवा शर्तों के अनुसार अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति गुजरात के जामनगर स्थित परियोजनाओं में की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया साक्षात्कार के आधार पर होगी। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने सभी आवश्यक शैक्षिक प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र, बायोडाटा एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि पर समय से रोजगार मेले में उपस्थित हों।
जिला सेवायोजन कार्यालय ने अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
Comments
Post a Comment