यूपी टीईटी परीक्षा के दूसरे दिन अपर पुलिस अधीक्षक ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण।
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित UP-TET परीक्षा के दूसरे दिन अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज एवं महामाया पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा थाना भिटौली क्षेत्र स्थित शिव जपत सिंह इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता और कानून-व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अनियमितता अथवा अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने तथा अभ्यर्थियों की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
महराजगंज पुलिस द्वारा UP-TET परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।
Comments
Post a Comment