जिलाधिकारी महराजगंज ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का किया निरीक्षण।
छात्राओं की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
महराजगंज, उत्तर प्रदेश।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कक्षा-कक्ष, सभागार, शिक्षक एवं कर्मचारी आवास सहित विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यूपीसीडको को असेंबली हॉल में एक्जॉस्ट फैन लगाने, विद्यालय की बाउंड्री वॉल को सुरक्षित करने तथा सोलर रूफटॉप प्रणाली को जल्द स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय की सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रधानाचार्य द्वारा स्वयं को स्पेशल एजुकेटर बताए जाने पर जिलाधिकारी ने विद्यालय में दिव्यांग बच्चों को प्रवेश में प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने छात्राओं के भोजन एवं मेस संचालन की भी जानकारी ली। प्रधानाचार्य ने बताया कि मेस का संचालन स्वयं सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है और भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक है।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण एवं किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास में रह रही छात्राओं से संवाद कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को छात्राओं की आवश्यकताओं एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, प्रधानाचार्य, सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment