शीतला माता मंदिर पुनर्निर्माण में बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग।
धनंजय कुमार शर्मा
मऊ, उत्तर प्रदेश।
जनपद मऊ नगर में श्री शीतला माता धाम मंदिर व्यवस्था समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी जनपद मऊ, पुलिस अधीक्षक और नगर मजिस्ट्रेट से अलग-अलग मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर के पुनर्निर्माण में अवरोध उत्पन्न करने और धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे समिति के संरक्षक भरत लाल राही ने कहा कि तकनीकी विशेषज्ञों की राय के अनुसार माता रानी की मूर्ति को कहीं भी स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ब्राह्मण समाज के प्रमुख, जनपद के वरिष्ठ सर्जन एवं धार्मिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले डॉ. एस. सी. तिवारी की मध्यस्थता तथा मंदिर के पुजारी दीपक महाराज की सहमति से सभी विवादों का समाधान पहले ही कर दिया गया था।
भरतलाल राही ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद कुछ लोग सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप और अन्य सामाजिक मंचों के माध्यम से मंदिर समिति के पदाधिकारियों पर सम्मान विरोधी और भ्रामक आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जनमानस की भावनाओं को भ्रमित करने वाले ऐसे तत्वों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की जाए।
मंदिर समिति के अध्यक्ष संजय वर्मा ने कहा कि कुछ लोग धार्मिक भावनाओं को आहत करने के साथ-साथ मंदिर के निर्माण कार्य में बाधा डाल रहे हैं और वित्तीय अनियमितता के मिथ्या आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे लोगों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई हो। संजय वर्मा ने कहा, "मंदिर के निर्माण में बाधा डालने वालों को माता रानी कभी माफ नहीं करेंगी।"
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से समिति के महामंत्री डॉ. राम गोपाल गुप्त,आनंद कुमार, महातम यादव, अरविंद कुमार बरनवाल ,सीए पारस नाथ मौर्य सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Comments
Post a Comment