इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन बुरहानपुर ने पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र एवं आई-कार्ड किया वितरित।

बुरहानपुर, मध्य प्रदेश।
पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन® की बुरहानपुर जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक जय स्तंभ के समीप स्थित एक निजी हॉल में आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिले के अनेक पत्रकारों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक की जानकारी देते हुए जिला उपाध्यक्ष सुमेश तायडे ने बताया कि जिला अध्यक्ष शकील खान के नेतृत्व में संगठन का विस्तार करते हुए विभिन्न पदों पर सक्रिय एवं कर्मठ पत्रकारों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को एक मजबूत मंच प्रदान करना, उनके अधिकारों की रक्षा करना तथा पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना है।
जिला अध्यक्ष शकील खान ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जनाब सेराज अहमद कुरैशी के निर्देश, राष्ट्रीय सचिव मसूद जावेद कादरी के मार्गदर्शन तथा प्रदेश अध्यक्ष अशफाक आरिफ़ की संस्तुति पर बुरहानपुर जिले में संगठन का गठन एवं विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन सदैव पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, स्वतंत्र अभिव्यक्ति तथा निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए संघर्षरत रही है और आगे भी पूरे देश में पत्रकार हितों की आवाज बुलंद करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया तथा उन्हें संगठन का नियुक्ति पत्र एवं आधिकारिक आई-कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने संगठन की मजबूती, आपसी एकता और पत्रकार हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों में सुमेश तायडे को जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राहुल इंगले को जिला महासचिव, मनोज मिश्रा को जिला प्रवक्ता, रमजान सिकंदर को जिला संगठन सचिव, आजाद तड़वी को जिला मीडिया प्रभारी, अनसींग मोरे, संजय परीवाले, मनोज भागवतकर एवं वैभव साल्वे को जिला सचिव, सुलेमान शादाब अली को जिला कोषाध्यक्ष तथा संजय परीवाले को जिला कार्यालय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अपने संबोधन में जिला अध्यक्ष शकील खान ने कहा कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, उनके मान-सम्मान की रक्षा, उत्पीड़न के विरुद्ध संघर्ष तथा संगठन के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितकारी पत्रकारिता की परंपरा को मजबूत करते हुए समाज और लोकतंत्र की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूत संगठन की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन पत्रकारों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और संगठन का उद्देश्य प्रत्येक जिले एवं तहसील स्तर तक पत्रकारों को एकजुट कर उनके हितों की रक्षा करना है।
अंत में जिला महासचिव राहुल इंगले ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकार साथियों, अतिथियों एवं पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि बुरहानपुर जिला इकाई संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करती रहेगी।

Comments

Popular posts from this blog

The Robotics and AI Innovation Lab was inaugurated at Carmel Girls' Inter College.

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

जो सिफत बाप में होती है कमोबेश वही सिफत औलाद में पाई जाती है - मुफ्ती अकरम