टीईटी परीक्षा को लेकर महराजगंज पुलिस अलर्ट, पुलिस लाइन में हुई विशेष ब्रीफिंग।
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
आगामी उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में बुधवार को पुलिस लाइन में परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने सभी थाना प्रभारियों, निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों तथा महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी निर्धारित समय से पहले अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर ड्यूटी संभालेंगे तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी और मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अनुचित सामग्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से तैनात किया गया है।
परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, पेपर लीक की अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने के लिए सोशल मीडिया सेल और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) को चौबीसों घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों और प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने, जाम की स्थिति से बचने तथा अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों, महिला परीक्षार्थियों, बुजुर्ग अभिभावकों और दिव्यांगजनों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।
Comments
Post a Comment