राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर जेएनसीयू में तैयारियां तेज, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण।
बलिया, उत्तर प्रदेश।
जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय (जेएनसीयू) में आगामी 29 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने विश्वविद्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने समारोह स्थल, मंच व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, हेलीपैड, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि दीक्षांत समारोह का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेन्द्र कुमार शुक्ल ने जिलाधिकारी को तैयारियों की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि दीक्षांत समारोह की सभी व्यवस्थाएं युद्धस्तर पर कराई जा रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय से तैयारियां पूरी करें।
निरीक्षण के उपरांत कुलपति कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य कोषाधिकारी एवं वित्त अधिकारी आनंद दुबे, कुलसचिव एस.एल. पाल, चीफ प्रॉक्टर डॉ. प्रियंका सिंह, निदेशक शैक्षणिक डॉ. पुष्पा मिश्रा सहित विश्वविद्यालय प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दीक्षांत समारोह को सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जा रही हैं।
Comments
Post a Comment