एक पेड़ मां के नाम' अभियान बना जनआंदोलन, बेल्थरा रोड में ब्लॉक प्रमुख और पुलिस ने रोपे सैकड़ों पौधे।
'
बेल्थरा रोड (बलिया, उत्तर प्रदेश।
पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत बेल्थरा रोड क्षेत्र में शनिवार और रविवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में व्यापक वृक्षारोपण किया गया। अभियान में सीयर ब्लॉक प्रमुख, पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।
सीयर ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह ने अपनी ग्राम सभाओं मुजोना, तुर्तीपार और अटवा समेत कई स्थानों पर ग्रामीणों और युवाओं के साथ पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
ब्लॉक प्रमुख आलोक कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर 1000 से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। उनका कहना था कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरा भरा वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक है।
इसी क्रम में उभांव थाना परिसर में भी 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी दिनेश पाठक के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
थानाध्यक्ष दिनेश पाठक ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल ही इस अभियान को सफल बनाएगी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों तक इस अभियान का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।
Comments
Post a Comment