ट्रेन पकड़ने जा रहे इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत, साथी गंभीर।
बेल्थरारोड (बलिया)उत्तर प्रदेश।
उभांव थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेन पकड़ने जा रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक परिवार का इकलौता बेटा था और रोज़गार की तलाश में वाराणसी जाने के लिए घर से निकला था। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मालीपुर गांव निवासी शनि कुमार (19) पुत्र अक्षय लाल राम अपने साथी उपेंद्र कुमार (25) पुत्र शिवमुनी के साथ बाइक से बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रात करीब 10 बजे जमुआंव पेट्रोल पंप के समीप बेल्थरारोड की ओर से आ रहे एक अज्ञात ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की सूचना पर दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन दोनों को बेहतर इलाज के लिए मऊ ले जा रहे थे, लेकिन इंदारा रेलवे क्रॉसिंग के पास शनि कुमार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, उपेंद्र कुमार का मऊ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि शनि कुमार परिवार का इकलौता बेटा था। करीब सात वर्ष पहले उसकी मां का निधन हो चुका था। परिवार में पिता अक्षय लाल राम और दो बहनें गुड़िया व अंजली हैं। पिता मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगी के चलते शनि रोज़गार की तलाश में वाराणसी जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग प्रशासन से की है।
उधर, सूचना मिलने पर उभांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।
Comments
Post a Comment