सांसद निशिकांत दुबे पर अविलंब कार्रवाई करे भाजपा:- सुशील पाण्डेय कान्हजी


धनंजय कुमार शर्मा 
बलिया, उत्तर प्रदेश। 
समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील पाण्डेय कान्हजी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भारतीय जनता पार्टी से सांसद निशिकांत दुबे के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रेस विज्ञप्ति में सुशील पाण्डेय कान्हजी ने कहा कि देश इस समय राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी, जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं के आंदोलन, पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई तथा डीजल-पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण जैसे अनेक ज्वलंत मुद्दों से जूझ रहा है। इन मूलभूत मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा अपने कुछ नेताओं से लगातार भड़काऊ और अनर्गल बयान दिलवा रही है, जिससे सामाजिक एवं राजनीतिक वातावरण को अनावश्यक रूप से प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सांसद निशिकांत दुबे के हालिया बयान इसी प्रवृत्ति का उदाहरण हैं।
कान्हजी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों तथा विकासपरक राजनीति के लिए जाना जाता है। उनकी बढ़ती जनस्वीकार्यता और लोकप्रियता से भाजपा असहज है। इसी कारण राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से उनके विरुद्ध अनर्गल एवं अमर्यादित टिप्पणियां कराई जा रही हैं, जो पूरी तरह निंदनीय हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में वैचारिक मतभेद स्वीकार्य हैं, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर अभद्र एवं असंसदीय भाषा का प्रयोग किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता। ऐसे बयानों से लोकतांत्रिक मर्यादाएं कमजोर होती हैं और समाज में अनावश्यक तनाव का वातावरण बनता है।
सुशील पाण्डेय कान्हजी ने मांग की कि भारतीय जनता पार्टी अपने सांसद निशिकांत दुबे के बयान पर स्पष्ट रुख अपनाए तथा उनके विरुद्ध तत्काल और प्रभावी कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं की यही मांग है कि इस प्रकार की अमर्यादित राजनीति पर रोक लगाई जाए और लोकतांत्रिक संवाद की गरिमा बनाए रखी जाए।

Comments

Popular posts from this blog

The Robotics and AI Innovation Lab was inaugurated at Carmel Girls' Inter College.

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

जो सिफत बाप में होती है कमोबेश वही सिफत औलाद में पाई जाती है - मुफ्ती अकरम