उत्तर प्रदेश के वकीलों को कैशलेस इलाज की सुविधा शीघ्र : मुख्यमंत्री
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश।
उत्तर प्रदेश के वकीलों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही अस्पतालों में उनके कैशलेस इलाज का इंतजाम हो सकता है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर से उनके लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अधिवक्ताओं के लिए कैशलेस इलाज की व्यवस्था बनाने को तैयार है। इस संबंध में जल्द ही एक प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि अधिवक्ताओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। सीएम मंगलवार को गोरखपुर बार एसोसिएशन सिविल कोर्ट की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के परिचय समारोह में बतौर अतिथि शामिल हुए। इस दौरान सीएम ने पदाधिकारियों का परिचय प्राप्त किया और उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सीएम ने कहा कि अधिवक्ता केवल मुकदमे लड़ने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज के विधिक सलाहकार, संविधान के सारथी और नागरिकों के विश्वास के प्रतीक हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं से देश और समाज के खिलाफ रची जाने वाली साजिशों के प्रति सतर्क रहने का आह्वान करते हुए कहा कि सोशल मीडिया और फर्जी अकाउंट के जरिए समाज को जाति, भाषा और क्षेत्र के आधार पर बांटने की कोशिशें हो रही हैं। ऐसे प्रयासों का विधिक और सामाजिक स्तर पर मजबूती से प्रतिकार करना होगा। सीएम योगी ने कहा कि न्याय तभी सार्थक है, जब वह गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और सभी के लिए सुलभ हो। इसमें अधिवक्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू कराने में भी अधिवक्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा अधिवक्ताओं के लिए किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता कल्याण निधि को बढ़ाकर पांच लाख रुपये किया गया है और इसके लिए 500 करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाया गया है। अब तक करीब चार हजार अधिवक्ताओं को 200 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। इसके अलावा आर्थिक सहायता की आयु सीमा 70 वर्ष तक बढ़ाई गई है तथा नए न्यायालय भवनों और अधिवक्ताओं के चैंबरों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है।
प्रदेश अब दंगों और अराजकता नहीं, बल्कि विकास, निवेश और रक्षा उत्पादन के लिए पहचाना जा रहा है। भारत आज वैश्विक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में स्थान बना चुका है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उमापति उपाध्याय, मंत्री अनुज अस्थाना, सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment