कटहल नाला से बाढ़ शरणालय तक डीएम का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर फटकार; विकास कार्यों में तेजी के निर्देश।


ब्यूरों चीफ़: किशन जायसवाल
बलिया, उत्तर प्रदेश।
जिले में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता परखने के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह शनिवार को अचानक शहर के विभिन्न निर्माण स्थलों पर पहुंचे। उन्होंने परमानंदापुर स्थित कटहल नाला, मेडिकल बाईपास, माल्देपुर क्षेत्र तथा महावीर घाट पर निर्माणाधीन बाढ़ शरणालय का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों में सुस्ती और लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को कड़ी फटकार लगाई और समयबद्ध तरीके से गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
सबसे पहले जिलाधिकारी ने परमानंदापुर स्थित कटहल नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यहां कार्य की धीमी गति पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था को चेतावनी दी कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी मेडिकल बाईपास पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क निर्माण से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाईपास की मार्किंग का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए तथा माल्देपुर से सड़क चौड़ीकरण के लिए चिन्हांकन कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही जहां मिट्टी की कटाई और नाली निर्माण प्रस्तावित है, वहां तत्काल कार्य प्रारंभ कराने और अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान माल्देपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के बीच उगी घास और सड़क किनारे फैली झाड़ियों को देखकर जिलाधिकारी नाराज हो गए। उन्होंने संबंधित विभाग को तत्काल साफ-सफाई अभियान चलाकर सड़क को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी महावीर घाट स्थित निर्माणाधीन बाढ़ शरणालय पहुंचे। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से निरीक्षण करते हुए शरणालय की ऊंचाई, सरिया की गुणवत्ता तथा अन्य तकनीकी मानकों की जानकारी ली। उन्होंने बाउंड्रीवॉल का कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त पिलर लगाकर निर्माण को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि जिले में चल रही सभी विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अभिनेंद्र सिंह, एडीएम अनिल कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, आपदा विभाग के पियूष सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

The Robotics and AI Innovation Lab was inaugurated at Carmel Girls' Inter College.

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

जो सिफत बाप में होती है कमोबेश वही सिफत औलाद में पाई जाती है - मुफ्ती अकरम