बिल्थरा रोड में दिनदहाड़े बाइक चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर; पुलिस ने जांच शुरू की।
बलिया, उत्तर प्रदेश।
बिल्थरा रोड नगर के वार्ड नंबर 12 स्थित भगवान दास कोठी के पास से वार्ड नंबर 10 निवासी मो. शमीम की बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। वहीं, सीसीटीवी फुटेज में बाइक चोर की गतिविधि कैद होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मो. शमीम देर शाम नाश्ता करने के लिए अपनी बाइक (वाहन संख्या: UP58P5040) को गली में खड़ी कर दुकान पर चले गए। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो उनकी बाइक मौके से गायब थी। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद मो. शमीम ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक फुटेज में एक संदिग्ध युवक बाइक ले जाते हुए दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी हुई है।
पीड़ित ने घटना की लिखित तहरीर स्थानीय थाने में देकर मुकदमा दर्ज कराया है। थाना के उच्च अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर बाइक बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
नगर के व्यस्त इलाके में शाम के समय इस तरह बाइक चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन चोरी होना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। लोगों ने प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सीसीटीवी निगरानी को और प्रभावी बनाने की मांग की है।
Comments
Post a Comment