बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन के विकास को मिली रफ्तार।

प्लेटफार्म नंबर-2 का होगा आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं में होगा विस्तार
ब्यूरो चीफ़ : किशन जायसवाल
बेल्थरा रोड, बलिया, उत्तर प्रदेश।
बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप नए सिरे से विकसित किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफार्म के विस्तार, टीन शेड सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं को भी विकसित किया जा रहा है।
स्टेशन सलाहकार समिति, बेल्थरा रोड के सदस्य मनीष सोनी ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को रेलवे अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन एवं आसपास की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा कि स्टेशन के समुचित विकास के साथ-साथ क्षेत्रवासियों की लंबे समय से लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन चौराहे से जीएमएएम इंटर कॉलेज होते हुए कुंडैल ढाला तक जाने वाला संपर्क मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण प्रतिदिन छात्रों, स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी गई।
बैठक में डीएवी इंटर कॉलेज के समीप अंडरपास निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया, ताकि रेलवे लाइन के दोनों ओर रहने वाले लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं के विस्तार, साफ-सफाई, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण तथा अन्य विकास कार्यों को भी प्राथमिकता देने की मांग की गई।
मनीष सोनी ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर-2 के पुनर्निर्माण, विस्तार एवं यात्रियों को धूप और बारिश से राहत देने के लिए टीन शेड लगाने का प्रस्ताव भी अधिकारियों के समक्ष रखा गया था। उन्होंने कहा कि रेलवे द्वारा प्लेटफार्म के आधुनिकीकरण की दिशा में कार्य प्रारंभ होना क्षेत्र के लिए सकारात्मक संकेत है।
रेलवे अधिकारियों ने सभी मांगों को जनहित से जुड़ा एवं आवश्यक बताते हुए उन पर चरणबद्ध ढंग से कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि प्लेटफार्म नंबर-2 के विकास सहित स्टेशन से संबंधित विभिन्न योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन को आधुनिक एवं यात्री सुविधाओं से सुसज्जित स्टेशन के रूप में विकसित किया जा सके।

Comments

Popular posts from this blog

The Robotics and AI Innovation Lab was inaugurated at Carmel Girls' Inter College.

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

जो सिफत बाप में होती है कमोबेश वही सिफत औलाद में पाई जाती है - मुफ्ती अकरम