विशेष कर आकलन विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों की कमी से बढ़ी अव्यवस्था, नागरिक परेशान।
छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका के विशेष कर आकलन विभाग में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भारी कमी के कारण विभाग का कामकाज प्रभावित हो रहा है। कर्मचारियों की कमी की वजह से अधिकांश अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार (एडिशनल चार्ज) के तहत विभिन्न ज़ोन कार्यालयों में भी कार्य करना पड़ता है, जिससे विभाग में नियमित रूप से अधिकारी और कर्मचारी उपलब्ध नहीं रहते।
जानकारी के अनुसार, विभाग में लंबे समय से नई नियुक्तियां नहीं होने के कारण कर निर्धारण एवं संबंधित प्रशासनिक कार्यों में देरी हो रही है। इस संबंध में उपायुक्त श्री विकास नवाडे से चर्चा किए जाने पर उन्होंने कहा कि विभाग को नए कर्मचारियों की आवश्यकता नहीं है तथा इस विषय में महानगरपालिका आयुक्त से संपर्क किया जाए।
विभाग की इस कार्यप्रणाली के कारण संपत्ति धारकों में भी भ्रम की स्थिति बनी हुई है। ज़ोन कार्यालय के कर विभाग से पहले मोजणी और नोटिस जारी किए जाते हैं, लेकिन बाद में विशेष कर आकलन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी अलग से कार्रवाई के लिए पहुंचते हैं। इससे नागरिक यह समझ नहीं पाते कि उन्हें ज़ोन कार्यालय के अधिकारियों से संपर्क करना चाहिए या विशेष कर आकलन विभाग के अधिकारियों के निर्देशों का पालन करना चाहिए।
इस अव्यवस्था का सीधा असर कर वसूली और नागरिक सेवाओं पर पड़ रहा है। एक ओर कर संग्रह प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी ओर संपत्ति धारकों के कार्य भी समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि विभाग में आवश्यक संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए तो व्यवस्था में सुधार आ सकता है और कर निर्धारण की प्रक्रिया भी सुचारु रूप से संचालित होगी।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले को लेकर महानगरपालिका आयुक्त से भी चर्चा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कर्मचारियों की कमी, कार्यों के समन्वय और विभागीय अव्यवस्था का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
Comments
Post a Comment