दिशा समिति की बैठक में सांसद रमाशंकर राजभर सख्त, अधूरी योजनाएं जल्द पूरी करने के दिए निर्देश।

धनंजय कुमार शर्मा
बलिया। उत्तर प्रदेश 
विकास भवन सभागार में गुरुवार को सांसद सलेमपुर रमाशंकर राजभर की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
     बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े 101 एजेंडों की बिंदुवार समीक्षा की गई। सलेमपुर सांसद ने अधूरी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही जल जीवन मिशन की लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत एनएच-31 से टुटवरी- बघौना मार्ग सहित अन्य जर्जर सड़कों का तत्काल निर्माण एवं मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही मालदह से मौनिया बाबा तक सड़क निर्माण और नहरों की पटरियों की मरम्मत कराने पर भी जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान नगर पंचायत नगरा में बनकर तैयार 60 बेड के चिकित्सालय तथा सीएचसी सुखपुरा के 50 बेड अस्पताल को जल्द संचालित करने और डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि सभी सीएचसी एवं पीएचसी का सर्वे कर 15 दिनों में समस्याओं की सूची उपलब्ध कराने को कहा। माननीय सांसद ने विद्युत व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए ग्राम उमरपुर दियरा, नौरंगा, रामपुर असड़िया और रसड़ा क्षेत्र की अधूरी विद्युतीकरण योजनाओं को जल्द पूरा कर विद्युत आपूर्ति शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में बिजली व्यवस्था संतोषजनक नहीं है और इसमें सुधार लाया जाए, अन्यथा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने, उन्हें प्रशिक्षण देने तथा मनरेगा से भी लाभान्वित करने पर जोर दिया गया। जीराबस्ती स्थित दूध डेयरी की समस्याओं के त्वरित समाधान के भी निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एनएच-31 के बांध पर रहने वाले पात्र झोपड़ीवासियों को आवास उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी को एक सप्ताह में सर्वे पूरा करने का निर्देश दिया।
   वहीं बेल्थरारोड के काशीराम आवासों का शीघ्र हैंडओवर कराने को भी कहा गया। साथ ही सिकंदरपुर मंडी की खराब सड़क की मरम्मत, सोनबरसा मंडी को शुरू कराने, किसानों को फसल क्षति का प्रमाण मुआवजा दिलाने, बेल्थरारोड के मलिकपुर-खंडवा मार्ग का कार्य पूरा कराने तथा सिकंदरपुर की पुरानी पानी टंकी से जलापूर्ति बहाल करने पर भी चर्चा हुई।
सिंचाई एवं बाढ़ विभाग को निर्देशित किया कि माल्देपुर के समीप एनएच-31 पर संभावित कटान रोकने के लिए ठोकर निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं अवैध मिट्टी खनन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश देते हुए विकासखंड सोहांव समेत अन्य क्षेत्रों में जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और वाहनों को सीज करने को कहा गया। इसके अलावा नगर पंचायत बेल्थरारोड में रेलवे स्टेशन मार्ग पर अतिक्रमण हटाने, नरही में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास संचालित देशी एवं कंपोजिट शराब की दुकान को अन्य स्थानांतरित करने तथा अटल कार्यकलाप और शहरी परिवर्तन मिशन 2.0 के तहत लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि नगर पालिका द्वारा कूड़ा उठान के लिए 09 एकड़ भूमि वर्ष 2010 में खरीदी गई है जिसमें साढ़े चार एकड़ भूमि शेष है उस भूमि पर कूड़ा उठान की व्यवस्था  की जा रही है। उन्होंने सभी विभागों को जनहित के कार्यों में तेजी लाने और लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मा0 सांसद बलिया सनातन पाण्डेय, मा0 विधायक सिकंदरपुर मो0 जियाउद्दीन रिजवी, मा0 विधायक फेफना संग्राम सिंह, मा0 विधायक बैरिया जय प्रकाश अंचल, रविशंकर उर्फ पप्पू जी, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, समस्त ब्लॉक प्रमुख, जनप्रतिनिधिगण एवं जिला स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

The Robotics and AI Innovation Lab was inaugurated at Carmel Girls' Inter College.

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

जो सिफत बाप में होती है कमोबेश वही सिफत औलाद में पाई जाती है - मुफ्ती अकरम