एस सी कॉलेज पर परीक्षा का सहायक क्षेत्रीय निदेशक ने की औचक निरीक्षण,दी खास जानकारी।
बलिया।उत्तर प्रदेश।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय नई दिल्ली के अध्ययन केंद्र सतीश चंद्र कॉलेज-बलिया पर चल रही TEE सत्रांत परीक्षा जून 2026 का क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र-वाराणसी से पहुंचे डॉ. संजय कुमार, सहायक क्षेत्रीय निदेशक ने औचक निरीक्षण किया। परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करते हुए डॉ. संजय कुमार ने व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। बिजली, पंखा व पेयजल की व्यवस्थित व्यवस्था पर डॉ. संजय कुमार संतुष्ट दिखे।
इस परीक्षा में पंजीकृत परीक्षार्थियों की संख्या प्रथम पाली में 44 है, जबकि उपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या 35 थी। वही, द्वितीय पाली में 53 के सापेक्ष 47 परीक्षार्थी उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा अनेक रोजगार परक पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इन पाठ्यक्रमों से जुड़कर कोई भी व्यक्ति रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकता है। इग्नू द्वारा प्रदान की गई अध्ययन सामग्री सर्वाधिक उच्च कोटि की होती है, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए परीक्षार्थियों को तैयार करती है।
अध्ययन केंद्र सतीश चन्द्र कालेज बलिया पर संचालित पाठ्यक्रमों में स्नातक कला वर्ग, वाणिज्य वर्ग तथा स्नातकोत्तर अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, इतिहास, समाजशास्त्र, हिंदी इत्यादि तथा विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रम पर्यावरण और आपदा प्रबंधन, पर्यटन अध्ययन, ग्रामीण विकास अध्ययन और सर्टिफिकेट प्रोग्राम में प्रवेश ले सकते हैं। इसकी प्रवेश तिथि 15 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी गई है। साथ ही पुराने छात्रों को अगली कक्षा में प्रवेश के लिए री-रजिस्ट्रेशन की तारीख भी 15 जुलाई तक विस्तारित कर दी गई है।
डॉ. संजय कुमार ने अध्ययन केंद्र सतीश चंद्र कॉलेज बलिया के समन्वयक डॉ. मान सिंह के साथ इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में छात्रों के नामांकन व असाइनमेंट से संबंधित समस्याओं तथा छात्रों की सुविधाओं में वृद्धि के लिए गहन विमर्श किया। इस संदर्भ में डॉ. संजय कुमार ने अध्ययन केंद्र सतीश चंद्र कॉलेज बलिया में नए पाठ्यक्रम ज्योग्राफिकल इनफॉरमेशन सिस्टम और दूर संवेदन तकनीक को शामिल किए जाने की आवश्यकता को स्पष्ट किया। डॉ. संजय कुमार और कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर बैकुंठ नाथ पांडे ने केंद्र के समन्वयक डॉ. मान सिंह के साथ अध्ययन केंद्र से संबंधित समस्याओं और व्यवस्थाओं पर विचार विमर्श किया।
Comments
Post a Comment