वीर अब्दुल हमीद भवन का निर्माण पटना में जमीन मिलते ही अविलंब कराया जाएगा : जमा खान
पटना में वीर अब्दुल हमीद एवं स्वर्गीय अब्दुल कयूम अंसारी की जयंती पर भव्य समारोह आयोजित।
मोहम्मद आसिफ अता
हाजीपुर/पटना, बिहार।
इदरीसिया दर्ज़ी फेडरेशन के तत्वावधान में पटना स्थित बिहार इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (बीआईए) भवन के विशाल सभागार में पहली बार भारत की दो महान विभूतियों, परमवीर चक्र विजेता अमर शहीद वीर अब्दुल हमीद तथा महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक एवं पिछड़े समाज के प्रखर नेता स्वर्गीय अब्दुल कयूम अंसारी की जयंती के अवसर पर भव्य जयंती समारोह, सम्मान समारोह एवं सामाजिक-वैचारिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता इदरीसिया दर्ज़ी फेडरेशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अली इमाम भारती ने की, जबकि मंच संचालन फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष राजू वारसी ने किया। कार्यक्रम में बिहार स्टेट मदरसा एजुकेशन बोर्ड के चेयरमैन सलीम परवेज ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत किया।
जबकि कार्यक्रम में उद्घाटन कर्ता के रूप में शिरकत करने आए बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ज़मा ख़ान ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ वीर अब्दुल हमीद एवं स्वर्गीय अब्दुल कयूम अंसारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
अपने संबोधन में मंत्री ज़मा ख़ान ने कहा कि आज हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि देश की दो महान विभूतियों को एक मंच पर श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इन दोनों महापुरुषों के त्याग और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षा पर विशेष बल देते हुए कहा कि समाज तभी आगे बढ़ेगा जब बच्चे शिक्षित होंगे। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गाँव-गाँव तक पहुँचाने की अपील की। मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार अल्पसंख्यकों, महिलाओं और पिछड़े वर्गों के विकास के लिए अनेक योजनाएँ चला रही है, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वीर अब्दुल हमीद के नाम पर भवन निर्माण के लिए भूमि की तलाश की जा रही है और भूमि उपलब्ध होते ही इस दिशा में कार्य शुरू किया जाएगा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनाब सलीम परवेज ने कहा कि हम सभी वीर अब्दुल हमीद और स्वर्गीय अब्दुल कयूम अंसारी के ऋणी हैं। उन्होंने दोनों महान विभूतियों के योगदान को याद करते हुए समाज से शिक्षा, एकता और आपसी सद्भाव को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को संकीर्ण सोच से ऊपर उठकर नई पीढ़ी को शिक्षा और संस्कार देना होगा।
इदरीसिया दर्ज़ी फेडरेशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अली इमाम भारती ने संबोधित करते हुए कहा कि एक कपड़ा बनाने वाले का बेटा था तो एक कपड़ा सिलने वाले का बेटा था। मुल्क की आन, बान, शान तिरंगा को भी एक दर्ज़ी सिलने का काम करता है। लेकिन अफसोस के साथ आज कहना पड़ रहा है कि आज़ादी से लेकर अब तक इस समाज को उसका हक नहीं मिला। सरकार ने भी जो योजनाएं बनाई वह अब तक धरातल पर नहीं उतर पाया। अफसरों की लापरवाही से आज तक सभी योजनाएं सरकारी दफ्तरों में धूल फांक रही है। दर्ज़ी, धुनिया, रंगरेज आर्टिजन विकास समिति हो या धुनिया, रंगरेज, दर्ज़ी बिरादरी की तरक्की के लिए बनाया गया को आपरेटिव सोसायटी जो आज तक धरातल पर नहीं उतर सका। इन्होंने मंत्री से इस योजनाओं को अविलंब धरातल पर उतारने की मांग की। इस अवसर पर कार्यक्रम में सर्व सम्मति से दर्ज़ी, धुनिया और रंगरेज़ समाज के विकास के लिए वर्षों से लंबित योजनाओं को तत्काल लागू किए जाने, दर्ज़ी आर्टिजन विकास समिति, धुनिया-दर्ज़ी-रंगरेज़ सहकारी समिति, दर्ज़ी कल्याण बोर्ड, बुनकर सहकारी समितियों के पुनर्जीवन, 2014 में गठित बुनकर एवं दस्तकार आयोग तथा वीर अब्दुल हमीद भवन के निर्माण की माँग की गई।
राजापाकर के विधायक महेंद्र राम ने अपने संबोधन में कहा कि दलित और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों की रक्षा संविधान ने सुनिश्चित की है। उन्होंने शिक्षा को समाज की प्रगति का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि सभी समुदायों को शिक्षित और संगठित होकर आगे बढ़ना होगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में संजय सिंह उर्फ गांधी जी मुख्य सचेतक बिहार विधान परिषद भी उपस्थित थे।
वहीं कार्यक्रम में वीर अब्दुल हमीद अमर रहें, अब्दुल कयूम अंसारी अमर रहें आदि मौजूद लोगों ने जमकर नारेबाजी की। जबकि संचालन कर रहे इदरीसिया दर्ज़ी फेडरेशन के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजू वारसी ने मंत्री जमा खान से वीर अब्दुल हमीद भवन निर्माण को लेकर किए गए वादे को याद दिलाया। वहीं इदरीसिया दर्ज़ी फेडरेशन के संगठन सचिव मोहम्मद जमशेद आलम उर्फ प्यारे ने अपने संबोधन के दौरान वीर अब्दुल हमीद के नाम युनिवर्सिटी खोलने की बुलंद आवाज़ में मांग की। वहीं इदरीसिया दर्ज़ी फेडरेशन के प्रदेश सचिव परवेज आलम व सफर आलम ने शिक्षा विभाग द्वारा सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं के ड्रेस तैयार करने का जीविका को टेंडर दिया गया है उस टेंडर को रद्द कर दर्ज़ी आर्टिजन विकास समिति के माध्यम से दर्ज़ी कामगारों को दिए जाने की मांग की। कार्यक्रम में यास्मीन अंसारी,हुमायूँ अंसारी, रईस गजनवी, अनीसुर्रहमान, मोहम्मद रज़न, अंसारुल हक़, लियाकत मंसूरी, जमशेद आलम (प्यारे), गुलाम ग़ौस, एम. जसीमुल हक़, इम्तियाज़ अंसारी, निज़ामुद्दीन अंसारी, मौलाना इज़हार अशरफ़, अरशद फिरोज़, रिंकू यादव, जावेद आलम, महबूब आलम, इक़बाल आलम अंसारी, बट्टू कुमार चंद्रवंशी, जमशेद आलम (जंदाहा) सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में सफर आलम, गुलाम मुस्तफ़ा,मोहम्मद परवेज़,
मोहम्मद मुश्ताक अहमद, मोहम्मद आसिफ अता,कूकू भाई पटना सहित कई लोगों ने अतिथियों के स्वागत की व्यवस्था संभाली। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाया।
Comments
Post a Comment