कठपुतली नगर विकास समिति की मासिक बैठक संपन्न।
जयपुर. राजस्थान।
कठपुतली नगर विकास समिति की मासिक बैठक गीता मीणा की अध्यक्षता में हुई। जिसमें बस्ती के गणमान्य नागरिकों, विकास समिति सदस्यों, महिला समुदाय तथा महिला सशक्तीकरण से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक के दौरान कठपुतली नगर की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रस्ताव पारित किए गए। विशेष रूप से बस्ती में बढ़ती नशे की समस्या, पुलिस के कथित दलालों की गतिविधियों तथा सामाजिक वातावरण को प्रभावित करने वाले अन्य मुद्दों पर चिंता जताई गई।
आगामी नगर निकाय चुनाव को देखते हुए उपस्थित नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी उम्मीदवार का चयन सोच-समझकर करें। बैठक में डॉ. ओपी टांक ने कहा कि चुनाव का बिगुल बज चुका है और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशी जनता के बीच आएंगे। ऐसे में मतदाता किसी के बहकावे में न आकर ईमानदार, कर्मठ और जनहित में कार्य करने वाले प्रतिनिधि का ही चुनाव करें, ताकि क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
बैठक में कहा गया कि ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है जो बिना जनसेवा के केवल चुनाव के समय सक्रिय होकर स्वयं को नेता के रूप में प्रस्तुत करते हैं। विकास समिति ने सभी नागरिकों से जागरूक होकर अपने मत का सही उपयोग करने और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। वहीं महिला सशक्तीकरण से जुड़ी सभी महिलाओं का स्वागत एवं सम्मान किया। साथ ही जनजागरण और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
Comments
Post a Comment