हज यात्रा 2027: उत्तर प्रदेश से 22,510 आवेदकों का चयन ,आगरा से 404 यात्री शामिल - मुदस्सिर कुरैशी
हज यात्रा 2027 के लिए उत्तर प्रदेश हज कमेटी ने प्रोविज़नल सिलेक्शन लिस्ट जारी कर दी है। ऑल इंडिया हज वेलफेयर सोसायटी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मुदस्सिर कुरैशी ने बताया कि इस वर्ष पूरे उत्तर प्रदेश से कुल 22,510 आवेदकों का चयन हज यात्रा के लिए हुआ है। इसमें ताजनगरी आगरा से कुल 404 आजमीने-हज (हज यात्री) शामिल हैं।
मुदस्सिर कुरैशी के मुताबिक, इस बार उत्तर प्रदेश को आवंटित कुल हज सीटों का कोटा लगभग 27,000 था। इसके सापेक्ष पूरे प्रदेश से कोटे से कम आवेदन प्राप्त हुए। यही कारण है कि इस बार बिना किसी लॉटरी (कुर्रांदाजी) के, आवेदन करने वाले सभी आजमीने-हज का चयन सीधे यात्रा के लिए कर लिया गया है। इस खबर से आवेदकों और उनके परिवारों में खुशी की लहर है।
टॉप 10 जिलो में सबसे अधिक 2,493 यात्रियों के साथ मुरादाबाद जिला पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर है। इसके बाद मेरठ और रामपुर का नंबर आता है। टॉप 10 जिलों की सूची इस प्रकार है:
1. मुरादाबाद - 2,493
2. मेरठ - 1,535
3. रामपुर - 1,467
4. सहारनपुर - 1,263
5. गाज़ियाबाद - 958
6. बिजनौर - 929
7. वाराणसी - 918
8. लखनऊ - 889
9. बरेली - 857
10. कानपुर नगर - 810
वहीं अन्य प्रमुख जिलों में मुज़फ्फरनगर से 711, अमरोहा से 597, संभल से 580, अलीगढ़ से 490, बुलंदशहर से 479, प्रयागराज से 421, आगरा से 404, शामली से 301, मऊ से 299 और सिद्धार्थनगर से 297 आवेदकों का चयन हुआ है।
चयनित सभी हज यात्रियों को अपनी यात्रा की पहली किश्त की धनराशि जमा करनी होगी।
* पहली किश्त की राशि: ₹1,52,300/- (एक लाख बावन हजार तीन सौ रुपये) प्रति यात्री।
* आखरी तारीख: 10 अगस्त 2026 तक।
भुगतान की प्रक्रिया और नियम
यात्री हज कमेटी द्वारा निर्धारित पे-स्लिप का उपयोग करके स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया (SBI) या यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया (UBI) के खाते में यह राशि जमा कर सकते हैं।
* बैंक रेफरेंस नंबर अनिवार्य: धनराशि जमा करते समय पे-स्लिप पर 'बैंक रिफरेंस नम्बर' लिखना जरूरी है। यह नंबर प्रत्येक कवर हेड के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए भेज दिया गया है। पे-स्लिप आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है।
* ऑनलाइन भुगतान की सुविधा: यात्री हज कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट www.hajcommittee.gov.in या 'HAJ SUVIDHA' मोबाइल ऐप के माध्यम से क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेटबैंकिंग या UPI द्वारा 24 घंटे घर बैठे भुगतान कर सकते हैं।
मेडिकल और शॉर्ट हज पर बड़ी अपडेट
हाजियों की सहूलियत के लिए हज कमेटी (HCOI) अगले 3 से 4 दिनों में मेडिकल स्क्रीनिंग और अन्य औपचारिकताओं (Medical Formalities) के संबंध में विस्तृत सूचना जारी करेगी। इसके साथ ही शॉर्ट हज (Short Haj) के लिए सिलेक्शन का नोटिफिकेशन भी आगामी 3 से 4 दिनों में आने की उम्मीद है। सभी यात्रियों को लगातार आधिकारिक अपडेट चेक करते रहने की सलाह दी गई है।
Comments
Post a Comment