महराजगंज के सभी थानों पर आयोजित हुआ थाना समाधान दिवस, 57 शिकायतें प्राप्त।
महराजगंज, उत्तर प्रदेश
जनपद के सभी थानों पर शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस में जिलेभर से कुल 57 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल के थानों पर उपस्थित रहे, जबकि थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने थानों पर फरियादियों की शिकायतें सुनीं।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की उपस्थिति में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
एसपी ने यह भी निर्देश दिया कि थाना स्तर, आईजीआरएस अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त भूमि संबंधी शिकायतों को थाना समाधान दिवस रजिस्टर में दर्ज करते हुए दोनों पक्षों को बुलाकर पुलिस एवं राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाए और मामलों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
Comments
Post a Comment