ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा में किसानों का हुजूम, एचसीएल चौकी पर पुलिस से नोकझोंक।
लखनऊ, उत्तर प्रदेश।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय आह्वान पर गुरुवार को सुल्तानपुर रोड स्थित खुर्दही से जिला मुख्यालय के लिए ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों ट्रैक्टर, चार पहिया वाहन और मोटरसाइकिलों के साथ बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। यात्रा के एचसीएल चौकी के पास पहुंचने पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर किसानों को रोकने का प्रयास किया। किसानों ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर किसानों को चौकी के पास रोक दिया। इसे लेकर किसानों और पुलिस के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही और मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। बाद में भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज ऋषभ यादव को ज्ञापन सौंपा। इसमें किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए 10 संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ 20 अगस्त तक बैठक कराने की मांग की गई। जिला अध्यक्ष आलोक वर्मा ने कहा कि किसान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि 20 अगस्त तक संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक नहीं हुई तो 21 अगस्त को सहायक पुलिस आयुक्त कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यात्रा में प्रदेश महासचिव गणेश शंकर वर्मा, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील शुक्ला, युवा जिला अध्यक्ष मुनींद्र अहलावत, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार यादव, सरदार गुरमीत सिंह, आशीष यादव, अनिल द्विवेदी, मोहम्मद मोहसिन, मोहम्मद वसीम, उर्मिला मौर्य, मोनिका यादव समेत संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment