होटल अमरप्रीत पर FDA का बड़ा एक्शन, FSSAI लाइसेंस निलंबित।


सैय्यद अनवर कादरी
छत्रपति संभाजीनगर, औरंगाबाद, महाराष्ट्र। 
सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने जालना रोड स्थित प्रसिद्ध मे. होटल अमरप्रीत (अवतार मोटेल्स एंड सिने प्रा. लि.) पर बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के भंडारण में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने के बाद होटल का FSSAI खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जांच के दौरान होटल के चिलिंग सेंटर और स्टोर रूम में सड़ी एवं एक्सपायरी डेट पार कर चुकी सब्जियां मिलीं। इनमें खीरा, शिमला मिर्च, फूलगोभी और पत्तागोभी शामिल हैं। इसके अलावा खराब एवं एक्सपायर्ड मशरूम तथा पिज्जा बनाने में इस्तेमाल होने वाले एक्सपायर्ड पिज्जा बेस का स्टॉक भी पाया गया।
होटल में बिना लेबल वाली मार्जरीन भी बरामद हुई। मेन्यू कार्ड में ‘बटर’ का उल्लेख होने के बावजूद बटर चिकन, बटर तंदूरी रोटी और ग्रेवी में बटर की जगह मार्जरीन का इस्तेमाल किए जाने का संदेह जांच के दौरान सामने आया। इससे ग्राहकों को गुमराह किए जाने की आशंका जताई गई है।
निरीक्षण में होटल की रसोई में गंदा पानी जमा मिला, जबकि कूड़ेदान खुले हुए पाए गए। खाद्य पदार्थों के भंडारण में ‘फर्स्ट इन, फर्स्ट आउट’ (FIFO) प्रणाली का पालन भी नहीं किया जा रहा था।
इन गंभीर खामियों और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए होटल का खाद्य लाइसेंस निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान होटल को किसी भी प्रकार के खाद्य पदार्थ तैयार करने, प्रोसेस करने, स्टोर करने, बेचने अथवा ग्राहकों को खाद्य सेवा देने पर रोक लगाई गई है। आदेश का उल्लंघन कर कारोबार जारी रखने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

डोमिनोज की चार शाखाओं पर भी कार्रवाई

राज्यभर में चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान स्वच्छता और खाद्य भंडारण संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर डोमिनोज पिज्जा की चार शाखाओं के खाद्य व्यवसाय लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं। इनमें तीन शाखाएं मुंबई और एक शाखा सातारा जिले के कराड तालुका स्थित मलकापुर की बताई गई है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में राज्यभर में मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले होटल एवं खाद्य व्यवसायियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई से होटल और खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Comments

Popular posts from this blog

The Robotics and AI Innovation Lab was inaugurated at Carmel Girls' Inter College.

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

जो सिफत बाप में होती है कमोबेश वही सिफत औलाद में पाई जाती है - मुफ्ती अकरम