राजकीय शिक्षक सम्मान 2026 के लिए गुड्डी कुमारी का चयन।

पांच सितंबर को पटना में मिलेगा सम्मान। 
रिपोर्ट विनोद विरोधी 
गया, बिहार। 
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचारपूर्ण शिक्षण शैली और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए जिले के डोभी प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय बहेराडीह की प्रभारी प्रधानाध्यापिका गुड्डी कुमारी का चयन राजकीय शिक्षक सम्मान 2026 के लिए किया गया है। उन्हें शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को पटना में आयोजित राजकीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उनके लंबे समय से किये जा रहे उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों, खेल आधारित गतिविधियों, टीएलएम निर्माण, अनोखे शिक्षण प्रयोगों, नवाचारपूर्ण कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और शिक्षा के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का गौरवपूर्ण सम्मान है। गुड्डी कुमारी को इससे पूर्व अपर मुख्य सचिव द्वारा ‘टीचर ऑफ द मंथ’ का पुरस्कार भी प्राप्त हो चुका है। लगातार मिल रहे इन सम्मानों से उनके शैक्षणिक कार्यों और विद्यालय के प्रति समर्पण को नई पहचान मिली है।
राजकीय शिक्षक सम्मान के लिए चयन की घोषणा के बाद गुड्डी कुमारी ने कहा कि, “यह उपलब्धि केवल मेरी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उन सभी गुरुजनों की उपलब्धि है, जिन्होंने मुझे शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दी और बच्चों के जीवन में शिक्षा के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने में सहयोग किया। यह सम्मान मुझे आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।”उन्होनें अपने शिक्षक जीवन में बच्चों की समग्र प्रगति को प्राथमिकता देते हुए अनेक पहल की हैं। उन्होंने पढ़ाई को बच्चों के लिए रुचिकर और सरल बनाने के लिए खेल आधारित गतिविधियों, विभिन्न प्रकार के टीएलएम निर्माण, रचनात्मक शिक्षण पद्धतियों तथा नवाचारपूर्ण प्रयोगों को विद्यालय की गतिविधियों में शामिल किया। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, अनुशासन और सहभागिता को भी बढ़ावा मिला। गौरतलब है कि गुड्डी कुमारी वर्ष 2007 से मध्य विद्यालय बहेराडीह में कार्यरत हैं। जब उन्होंने विद्यालय में योगदान दिया था, उस समय विद्यालय के पास अपना भवन तक नहीं था। विषम परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और विद्यालय के विकास के लिए लगातार प्रयास करती रहीं। अपने समर्पण, मेहनत और निरंतर प्रयासों के माध्यम से उन्होंने विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए तथा विद्यालय के अपने भवन के निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
विद्यालय के विकास के साथ-साथ उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया। उनका मानना है कि बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तक तक सीमित शिक्षा नहीं, बल्कि व्यवहारिक, रचनात्मक और गतिविधि आधारित शिक्षा मिलनी चाहिए। इसी सोच के साथ उन्होंने विद्यालय में कई ऐसे प्रयोग किये,जिनसे बच्चों को सीखने का बेहतर अवसर मिला।
राजकीय शिक्षक सम्मान 2026 के लिए गुड्डी कुमारी के चयन की सूचना से विद्यालय परिवार, शिक्षकों और शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर इंटर विद्यालय आंती के शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार वर्मा, अक्षय कुमार, संदीप कुमार, रगेबुल हसनैन, नीरज कुमार, धीरू कुमार, चंद्रशेखर सिंह, कुमारी आरती सिंह, खुशबू सिंह, अंजू कुमारी, दीपांकर नारायण, रीता कुमारी, रेणु कुमारी सहित सैकड़ों शिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।
शिक्षकों ने कहा कि गुड्डी कुमारी का चयन न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की सफलता है, बल्कि यह उन सभी शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बीच पूरी निष्ठा के साथ बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में जुटे हुए हैं। उनका सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Comments

Popular posts from this blog

The Robotics and AI Innovation Lab was inaugurated at Carmel Girls' Inter College.

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

जो सिफत बाप में होती है कमोबेश वही सिफत औलाद में पाई जाती है - मुफ्ती अकरम