जयपुर के 4 वार्ड के 5 बूथों पर री-पोलिंग में जनता ने भाजपा को दिखाया आइना - इमरान कुरैशी
वसीम अकरम कुरैशी
जयपुर. राजस्थान।
नगर निगम जयपुर के 4 वार्ड के 5 बूथों पर री-पोलिंग के बाद कांग्रेस की सीटों में बढ़त हुई है। चारों वार्डों में कांग्रेस पार्षदों की जीत हुई हैं। इस तरह अब कांग्रेस के पार्षदों की संख्या 53 से बढ़कर 57 हो गई है। वहीं बीजेपी 78 और 15 सीटों पर निर्दलीय है। री-पोलिंग के वोटों की गिनती में वार्ड 9 से कांग्रेस प्रत्याशी कैलाशी, वार्ड 18 से वंदिता, वार्ड 25 से रेखा देवी और वार्ड 34 से सुरेश यादव ने जीत दर्ज की है।
बता दें कि 14 सितंबर को मतगणना के दौरान इन चारों वार्डों के 5 बूथों पर लगी ईवीएम मशीनों में तकनीकी खराबी आई थी। इसके कारण इन ईवीएम मशीनों में बंद वोटों की काउंटिंग नहीं हो सकी थी। जिसके बाद निर्वाचन आयोग ने इन बूथों पर दोबारा पोलिंग करवाने का फैसला किया था।
इस बीच नगर निगम जयपुर के 4 वार्ड के 5 बूथों पर री-पोलिंग के बाद चारों वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत को कांग्रेस ने लोकतंत्र एवं जनता जनार्दन के आदेश को सर्वोपरि बताया। वहीं भाजपा की बेईमानी की निंदा करते हुए भाजपा सरकार के मुखिया को घेरा। राजस्थान कांग्रेस कमेटी के सचिव इमरान कुरैशी ने कहा कि भाजपा के कथित ‘प्रचंड बहुमत’ की सच्चाई जयपुर की जनता ने फिर सामने रख दी। जयपुर शहर के जिन चार वार्डों में पुनर्मतदान कराया गया, वहां कांग्रेस ने चारों सीटें जीत लीं। इसके लिए कांग्रेस के चारों विजयी पार्षद धन्यवाद के पात्र हैं।
इमरान कुरैशी ने एक बयान में कहा-भाजपा के मुखिया को राजस्थान की जनता को जवाब देना चाहिए...ये कैसा ‘प्रचंड बहुमत’ है, जिसमें पुनर्मतदान में चारों पार्षद कांग्रेस के जीते। आपने मशीनों में तकनीकी खराबी बता कर पुनर्मतदान कराया, जिसमें भी जनता ने आपको नकार दिया। आपकी बेईमानी की सारी कलई खोल कर रख दी। असल में तकनीकी खराबी नहीं, आपकी नियत ही खराब थी।
पीसीसी सचिव कुरैशी ने कहा-निर्वाचन आयोग को पहले ही पता था कि कांग्रेस जीत रही है, इसलिए इन वार्डों में भाजपा सरकार के इशारे पर तकनीकी खराबी बता कर रिजल्ट घोषित नहीं किया, भाजपा ने जनादेश लूटने के लिए मशीनरी और सत्ता का दुरपयोग किया। निर्वाचन आयोग को कठपुतली बनाकर परिणाम बदलने की कोशिशें की, लेकिन पुनर्मतदान में साफ हो गया कि जनता ने पहले भी कांग्रेस को ही वोट दिया था, और दोबारा भी कांग्रेस को ही चुना है। कुरैशी बोले-पुनर्मतदान के परिणाम ने भाजपा के कथित प्रचंड बहुमत की पूरी तरह हवा निकाल दी। अब स्पष्ट हो गया है कि भाजपा ने सत्ता के दुरुपयोग से प्रदेश में कई जगह बेईमानी से जनादेश लूटा है। कुरैशी ने सवाल किया, बोले-मुखिया जी... क्या यही वो प्रचंड बहुमत है जिसके आधार पर लड्डू बांटकर अपनी ही पीठ थपथपा रहे हैं?
इतना ही नहीं...अब जब बोर्ड बनाने की बारी आई है, वहां भी जनता द्वारा नकारी गई भाजपा पुलिस-प्रशासन के इस्तेमाल और निर्वाचित पार्षदों पर दबाव बनाकर कुर्सी पर काबिज होना चाहती है। इमरान कुरैशी बोले-जनादेश मशीनरी के दबाव से नहीं, जनता के वोट से तय होता है। जिस तरह से पुनर्मतदान में भाजपा की पोल खुली है, आने वाले पंचायत चुनावों में भी भाजपा को हार का मुंह देखना पड़ेगा।
Comments
Post a Comment