फ्रॉड में डूब गई थी उम्मीद, पुलिस ने लौटाए ₹73,501; रकम वापस मिलते ही छलक उठीं आंखें।
ऑनलाइन ठगी का शिकार होने के बाद जब खाते से हजारों रुपये निकल जाते हैं तो पीड़ित के सामने चिंता और मायूसी की स्थिति पैदा हो जाती है। ऐसे ही एक मामले में गुलरिहा थाना क्षेत्र के पीड़ित को उसकी ठगी गई रकम में से ₹73,501.10 वापस मिल गई।
पीड़ित के बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से करीब ₹80 हजार की धोखाधड़ी कर रकम निकाल ली गई थी। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज कराई। शिकायत का एक्नॉलेजमेंट नंबर 33102260043346 है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना गुलरिहा की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने संबंधित बैंकों से समन्वय कर ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में होल्ड कराया। कार्रवाई के दौरान कुल ₹73,501.10 की धनराशि होल्ड कराई गई।
आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद यही रकम नियमानुसार पीड़ित के पक्ष में अवमुक्त कराकर उसके बैंक खाते में वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित ने गोरखपुर पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क टीम का आभार जताया।
समय पर शिकायत से बच सकती है रकम
पुलिस के अनुसार साइबर ठगी होने पर पीड़ित को बिना देरी किए पुलिस और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को संबंधित खातों में होल्ड कराने की संभावना बढ़ जाती है।
यह कार्रवाई एसपी सिटी निमिष पाटिल और एसपी क्राइम के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क टीम द्वारा की गई।
टीम में उपनिरीक्षक आयुष द्विवेदी, कांस्टेबल संतोष चौहान और आरक्षी अनीश प्रताप सिंह शामिल रहे।
Comments
Post a Comment