वीर अब्दुल हमीद स्मारक भवन के निर्माण के लिए जल्द उपलब्ध कराई जाएगी जमीन - श्याम रजक
संवाददाता/ मोहम्मद आसिफ अता
पटना, बिहार। वीर अब्दुल हमीद फाउंडेशन एवं इदरीसिया दर्जी फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में पटना स्थित ऐतिहासिक रवीन्द्र भवन के विशाल सभागार में वर्ष 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद का 61वां शहादत दिवस एवं इदरीसिया दर्जी अधिकार सम्मेलन भव्य रूप से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत इदरीसिया दर्जी फेडरेशन के वैशाली जिलाध्यक्ष मौलाना सुल्तान रजा द्वारा पवित्र कुरआन की तिलावत से हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार विधान परिषद के मुख्य सचेतक, जदयू के वरिष्ठ नेता एवं एमएलसी संजय सिंह उर्फ गांधी जी ने अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने वीर अब्दुल हमीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वीर अब्दुल हमीद फाउंडेशन एवं इदरीसिया दर्जी फेडरेशन के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष अली इमाम भारती ने की, जबकि मंच संचालन इदरीसिया दर्जी फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष राजू वारसी ने किया।
कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता एमएलसी संजय सिंह उर्फ गांधी जी ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद की देशभक्ति और राष्ट्र की अखंडता के लिए दी गई उनकी शहादत को देश कभी भुला नहीं सकता। नई पीढ़ी को उनके जीवन और बलिदान से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उनकी कुर्बानी पर हम सभी को गर्व है। उन्होंने इदरीसिया दर्जी फेडरेशन द्वारा सरकार के समक्ष रखी गई मांगों पर बातचीत कर उन्हें जल्द लागू कराने की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया।
सात सूत्री मांगें पूरी हों : सलीम परवेज
मुख्य अतिथि के रूप में बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड, पटना के अध्यक्ष सलीम परवेज ने कहा कि किसी भी मांग को पूरा कराने के लिए एकजुटता और दूरदर्शिता जरूरी है। आज सम्मेलन में पारित सात सूत्री प्रस्ताव उचित हैं और वे इनका समर्थन करते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी पिछड़े समुदायों का मजबूत संगठन होना चाहिए और प्रत्येक समाज को अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाना चाहिए। अन्य समुदायों को भी पिछड़े वर्गों की समस्याओं के समाधान के लिए आगे बढ़कर आवाज उठानी चाहिए।
उन्होंने वीर अब्दुल हमीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी शहादत को देश के लिए गौरव बताया। साथ ही जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी पर तैनात रहे दिवंगत सीआरपीएफ जवान मोहम्मद समीउल्लाह को भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने घोषणा की कि दिवंगत जवान के एक बच्चे की मदरसा बोर्ड में नियुक्ति के लिए महनार नगर परिषद के चेयरमैन की अनुशंसा के आधार पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर इस घोषणा का स्वागत किया।
वीर अब्दुल हमीद स्मारक भवन के लिए जमीन दिलाने में करेंगे सहयोग : श्याम रजक
विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री, जदयू के वरिष्ठ नेता एवं फुलवारी शरीफ के विधायक श्याम रजक ने वीर अब्दुल हमीद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी कुर्बानियों को याद करने और उनसे प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने देश की आन-बान-शान के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया।
श्याम रजक ने वीर अब्दुल हमीद फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अली इमाम भारती के संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि पिछड़े समुदायों को आगे बढ़ाने के लिए जिस प्रकार वे संघर्ष कर रहे हैं, वह एक मिसाल है।
उन्होंने कहा कि उनके मंत्री रहते धुर्द को-ऑपरेटिव फेडरेशन का गठन किया गया था, लेकिन अब तक वह जमीनी स्तर पर अपनी पहचान स्थापित नहीं कर सका, जिसका उन्हें अफसोस है।
उन्होंने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र फुलवारी शरीफ में वीर अब्दुल हमीद स्मारक भवन के निर्माण के लिए जमीन की पहचान की गई है। जमीन उपलब्ध कराने के लिए वे अपनी ओर से पूरा प्रयास और सहयोग करेंगे। उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों को भी इस दिशा में आगे की कार्रवाई करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि दर्जी आर्टिजन विकास समिति को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के लिए भी वे सरकार से बात कर पहल करेंगे।
दर्जी आर्टिजन विकास समिति को धरातल पर उतारने की मांग
पूर्व शिया वक्फ बोर्ड अध्यक्ष अफजल अब्बास ने वीर अब्दुल हमीद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी शहादत हम सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए अली इमाम भारती के नेतृत्व में आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। उन्होंने दर्जी समाज के कल्याण के लिए सरकार द्वारा बनाई गई दर्जी आर्टिजन विकास समिति को बिना देरी धरातल पर उतारने की मांग की।
उर्दू परामर्शदात्री समिति बिहार के सदस्य एवं बीस सूत्री कार्यक्रम, सारण के उपाध्यक्ष अल्ताफ आलम उर्फ राजू ने कहा कि इदरीसिया दर्जी समाज को राजनीतिक सत्ता में हिस्सेदारी हासिल करने के लिए राजनीतिक रूप से मजबूत होना होगा। एकता के बल पर ही राजनीति में भागीदारी प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिक्षा के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने उद्योग विभाग द्वारा वर्ष 2014 में गठित बुनकर एवं दस्तकार आयोग का अध्यक्ष अली इमाम भारती को बनाए जाने की जोरदार वकालत की और सम्मेलन के सात सूत्री प्रस्ताव का समर्थन किया।
स्कूल यूनिफॉर्म का काम दर्जी कामगारों को मिले : राजू वारसी
इदरीसिया दर्जी फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष राजू वारसी ने मांग की कि धुर्द को-ऑपरेटिव फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन अली इमाम भारती को पुनः चेयरमैन चुना जाए तथा फेडरेशन का ऑडिट और चुनाव सरकारी खर्च पर कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जीविका को दिए जाने वाले स्कूल यूनिफॉर्म एवं विभिन्न सरकारी विभागों के ड्रेस सिलाई कार्य को धुर्द को-ऑपरेटिव फेडरेशन और दर्जी आर्टिजन विकास समिति के माध्यम से सीधे दर्जी कामगारों को दिया जाए।
उन्होंने जिला स्तर पर दर्जी क्लस्टर स्थापित कर रियायती ऋण एवं रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी। साथ ही दर्जी कामगारों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए दर्जी कल्याण बोर्ड और दस्तकार दर्जी आयोग के गठन की मांग की।
अली इमाम भारती ने रखीं सात सूत्री मांगें
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वीर अब्दुल हमीद फाउंडेशन एवं इदरीसिया दर्जी फेडरेशन के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष अली इमाम भारती ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में सरकार के समक्ष सात सूत्री मांगें रखीं।
1. वीर अब्दुल हमीद स्मारक भवन: पटना में शहीद वीर अब्दुल हमीद स्मारक भवन के निर्माण के लिए जमीन आवंटित की जाए। केंद्र एवं राज्य सरकार सड़कों, पुल-पुलियों, अल्पसंख्यक आवासीय छात्रावासों एवं विद्यालयों का नाम वीर अब्दुल हमीद के नाम पर रखे।
2. दर्जी कल्याण बोर्ड: लंबे समय से आर्थिक एवं सामाजिक पिछड़ेपन का सामना कर रहे इदरीसिया दर्जी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार दर्जी कल्याण बोर्ड का गठन करे और शासन-प्रशासन में इदरीसिया दर्जी समाज की भागीदारी सुनिश्चित करे।
3. धुर्द को-ऑपरेटिव फेडरेशन एवं आर्टिजन विकास समिति: वर्ष 2010 में गठित धुर्द को-ऑपरेटिव फेडरेशन तथा वर्ष 2019 में गठित दर्जी, धुनिया एवं रंगरेज आर्टिजन विकास समिति को बिना देरी धरातल पर उतारा जाए।
4. बुनकर एवं दस्तकार आयोग: बिहार सरकार द्वारा वर्ष 2014 में उद्योग विभाग के अंतर्गत गठित बुनकर एवं दस्तकार आयोग में सभी वर्गों के दस्तकारों को प्रतिनिधित्व देते हुए अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों की नियुक्ति की जाए।
5. अनुच्छेद 341 से संबंधित मांग: संविधान के अनुच्छेद 341 से जुड़े धार्मिक प्रतिबंध को समाप्त करने तथा इदरीसिया दर्जी एवं अरजाल मुस्लिम समुदायों को अनुसूचित जाति से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई।
6. सरकारी सिलाई कार्य दर्जी कामगारों को: शिक्षा विभाग एवं बिहार सरकार के अन्य विभागों के स्कूल यूनिफॉर्म तथा विभिन्न विभागों के ड्रेस सिलाई कार्य को दर्जी सिलाई कामगारों के माध्यम से कराया जाए।
7. वक्फ संपत्तियों की जांच: सम्मेलन में बिहार राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड एवं शिया वक्फ बोर्ड से संबंधित विभिन्न संपत्तियों के लीज एवं हस्तांतरण के मामलों पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की गई। वक्ताओं ने कुछ विशिष्ट वक्फ संपत्तियों से संबंधित गंभीर आरोप भी लगाए और संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच तथा जिम्मेदार पदाधिकारियों की संपत्तियों की जांच ईडी से कराने की मांग रखी।
सातों प्रस्तावों को उपस्थित लोगों ने हाथ उठाकर समर्थन दिया।
अली इमाम भारती ने बिहार सरकार से दर्जी आर्टिजन विकास समिति को अविलंब धरातल पर उतारने तथा धुर्द को-ऑपरेटिव फेडरेशन का ऑडिट एवं चुनाव सरकारी खर्च पर कराने की मांग दोहराई। उन्होंने आगामी नवंबर महीने में "दिल्ली चलो आंदोलन" का आह्वान किया, जिसका उपस्थित लोगों ने समर्थन किया।
बड़ी संख्या में विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि हुए शामिल
कार्यक्रम को इदरीसिया दर्जी फेडरेशन के प्रदेश संगठन सचिव मोहम्मद जमशेद आलम उर्फ प्यारे, रहमत इमाम, मधुबनी जिलाध्यक्ष मोहम्मद इफ्तिखार आलम, दरभंगा जिलाध्यक्ष मोहम्मद हुसैन उर्फ काले, गया जिलाध्यक्ष मोहम्मद रजन एवं मोहम्मद आजाद, रोहतास जिलाध्यक्ष असगर इमाम, नवादा जिलाध्यक्ष मोहम्मद शाहजहां, सलीम खान, भोजपुर जिला सचिव मोहम्मद अरमान, राष्ट्रीय महासचिव मजहर हसनैन, गया के मोहम्मद मुस्लिम, प्रदेश सचिव मोहम्मद सफर आलम, पटना प्रमंडल अध्यक्ष मोहम्मद इकबाल अंसारी, मोहम्मद शौकत, हसन खान नालंदा, राष्ट्रीय महासचिव अरविंद मिश्रा, राष्ट्रीय महासचिव महबूब आलम, गुलाम मुर्तजा कटिहार, अरवल जिलाध्यक्ष मोहम्मद फारूक, उपाध्यक्ष महफूज आलम, कैमूर जिलाध्यक्ष जफर इमाम, समस्तीपुर जिला मीडिया प्रभारी साहिल शफीक, प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी बशीर, मास्टर मिन्हाज ताजपुर, मोहम्मद शाहरुख, पूर्व एडीएम अलहाज मोहम्मद मुनीर, मोहम्मद आबिद महनार, मोहम्मद आजाद, मोहम्मद अंजार महनार सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर महनार नगर परिषद के चेयरमैन रमेश राय, शिवजी प्रसाद शास्त्री महाराजगंज सीवान, मोहम्मद हबीब बुलट चौक महनार, महादलित मुस्लिम फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद अनवर, महासचिव तनवीर अशरफ हवारी, हवारी विकास मंच के अध्यक्ष आस मोहम्मद, मोहम्मद इदरीस, मीडिया प्रभारी अजराइल अली, महमूद बख्खो नालंदा, मोहम्मद जमीलुर्रहमान, अंजुमन इदरीसिया नासरीगंज रोहतास के सचिव मोहम्मद शकील, मोहम्मद परवेज, प्रदेश महासचिव हैदर अली, सरवर इमाम, शकील जावेद इदरीसी, फारूक सहरियावी, अजहर रसूल, रईस गजनवी, प्रदेश सचिव मोहम्मद इफ्तिखार उर्फ कोको, मकबूल आलम औरंगाबाद, मोहम्मद मुनीर रोहतास, उर्दू एक्शन कमेटी वैशाली के अध्यक्ष मोहम्मद अजीमुद्दीन अंसारी, विनय कुमार बिट्टू, प्रदेश महासचिव मोहम्मद परवेज, मोहम्मद मुस्तफा उर्फ मुन्ना भाई राजापाकर, मोहम्मद नूर आलम बाजितपुर चकहसन, मोहम्मद जमशेद आलम जंदाहा, प्रदेश सचिव मोहम्मद आसिफ अता, इरशाद अंसारी महनार, मीडिया प्रभारी मोहम्मद शाहनवाज अता, मोहम्मद चांद भारती, पटना सिटी के वार्ड पार्षद फिरोज खान और फिरोज आलम इदरीसी जहानाबाद समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
शहीद जवान के परिवार को किया गया सम्मानित
इस अवसर पर वीर अब्दुल हमीद फाउंडेशन की ओर से दिवंगत सीआरपीएफ जवान मोहम्मद समीउल्लाह की पत्नी को शॉल, सम्मान-पत्र और वीर अब्दुल हमीद की तस्वीर देकर सम्मानित किया गया।
वहीं अंजुमन इदरीसिया, नासरीगंज, रोहतास के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अली इमाम भारती को शॉल, मोमेंटो एवं फूलों की माला देकर सम्मानित किया और उनके संघर्ष में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से संगठन के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। मीडिया प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।
अंत में राष्ट्रीय अध्यक्ष अली इमाम भारती ने सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, सम्मानित अतिथियों, संगठन के पदाधिकारियों, विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों, उपस्थित जनसमूह एवं मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
साथ में तस्वीर।
Comments
Post a Comment