स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर महराजगंज पुलिस का विशेष वाहन चेकिंग अभियान।
महराजगंज, उत्तर प्रदेश।
स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस द्वारा जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूल बस एवं स्कूल वैन की विशेष चेकिंग का अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों से संचालित स्कूल बस एवं स्कूल वैन की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान वाहनों की फिटनेस, बीमा, आवश्यक अभिलेख, फर्स्ट एड बॉक्स सहित स्कूली वाहनों के लिए निर्धारित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न विद्यालयों से संबंधित कुल 462 स्कूल बस/स्कूल वैन की जांच की गई। जांच में यातायात नियमों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन न करने वाले 63 स्कूल बस/स्कूल वैन के चालान किए गए।
महराजगंज पुलिस ने विद्यालय संचालकों एवं स्कूली वाहनों के चालकों और स्वामियों को निर्देशित किया कि वाहनों की फिटनेस एवं बीमा वैध रहे, सभी आवश्यक अभिलेख पूर्ण हों तथा फर्स्ट एड बॉक्स समेत निर्धारित सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रहें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत निर्धारित मानकों की अनदेखी न की जाए। स्कूली वाहनों की सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों एवं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment