विद्युत विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ डोर-टू-डोर चलाया अभियान।
बिल्थरा रोड, बलिया, उत्तर प्रदेश।
नगर के बस स्टेशन क्षेत्र में शुक्रवार को विद्युत विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ डोर-टू-डोर अभियान चलाया। एसडीओ अनिल कुमार के नेतृत्व में पहुंची विभागीय टीम ने घर-घर जाकर विद्युत कनेक्शनों और बकाया बिलों की जांच की।
लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने और अधिक बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने करीब एक दर्जन विद्युत कनेक्शन काट दिए। वहीं अभियान के दौरान लगभग 50 हजार रुपये के बकाया विद्युत बिल की वसूली भी की गई।
अचानक शुरू हुए जांच अभियान से बकायेदार उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया। टीम ने कनेक्शनों की जांच के साथ उपभोक्ताओं को समय से बिजली बिल जमा करने के लिए जागरूक भी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बकाया राशि का समय पर भुगतान नहीं करने पर विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है।
एसडीओ अनिल कुमार ने बताया कि बकाया विद्युत बिल की वसूली और कनेक्शनों की जांच का अभियान नगर के सभी वार्डों में लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बकायेदार उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द बकाया धनराशि जमा करने की अपील की, ताकि विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई से बचा जा सके।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपने संबंधित जेई अथवा विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर बकाया बिल का भुगतान कर सकते हैं। समय से बिल जमा करने से कनेक्शन कटने की परेशानी से बचने के साथ विद्युत आपूर्ति भी सुचारु बनी रहेगी।
अभियान में एसडीओ अनिल कुमार, राजेश कुमार (टीजी-2), लाइनमैन अवधेश कुमार, सुधीर कुमार सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment