लोकतंत्र को भयतंत्र में बदलने की साजिश की निंदा।
वसीम अकरम कुरैशी
जयपुर, राजस्थान।
प्रदेश में निर्वाचित निर्दलीय व अन्य पार्षदों को डराने, धमकाने और दबाव बनाने जैसी घटनाओं की कांग्रेस पार्टी ने निंदा की है। साथ ही संविधान और लोकतंत्र की मर्यादा का सम्मान करने का सभी से अनुरोध किया है। इस संदर्भ में आज यहां एक बयान में राजस्थान कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. मोहम्मद शोएब ने कहा कि जनता ने नकार दिया तो भाजपा अब पुलिस के दम पर बैकडोर से चेयरमैन और सभापति बनाने में जुट गई है। झुंझुनूं के मंडावा में कांग्रेस और कांग्रेस समर्थक पार्षदों पर छापामारी, कापरेन में पीहर जा रही निर्दलीय महिला पार्षद को पुलिस से परेशान करवाना, नीमराना में महिला पार्षद के जेठ को जबरन उठवा लेना, यह कोई इक्का-दुक्का घटना नहीं, पूरे प्रदेश में एक ही स्क्रिप्ट चल रही है। पुलिस भेजकर नवनिर्वाचित पार्षदों को डराया जा रहा है, धमकाया जा रहा है, ताकि जबरन भाजपा को समर्थन मिल जाए। यह सीधा-सीधा जनादेश पर डाका है, लोकतंत्र को भयतंत्र में बदलने की साजिश है। पीसीसी सचिव डॉ. मोहम्मद शोएब ने इस तरह की कारकर्दगी का विरोध करते हुए कहा-पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए है, भाजपा की सत्ता लोलुपता के लिए नहीं। पुलिस महानिदेशक को सुनिश्चित करना चाहिए कि पुलिस द्वारा लोकतंत्र की यह हत्या न हो।
Comments
Post a Comment