हर दुकानदार को रखना होगा डस्टबिन,नहीं तो लगेगा जुर्माना:- जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में नगर के सभी वार्डों के सफाई नायकों के साथ बैठक कर साफ - सफाई की समीक्षा की।उन्होंने अधिकारियों और सफाई कर्मियों को निर्देश दिया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए अभियान चला कर काम किया जाय।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद को झोपड़ी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं और कोई भी व्यक्ति आवास के अभाव में झोपड़ी में रहने को मजबूर न हो। पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि नगर के प्रत्येक गली मुहल्ले में नियमित साफ -सफाई सुनिश्चित की जाए।जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं जल रही है,वहां तत्काल लाइट लगाने अथवा खराब लाइटों को ठीक कराने की कार्रवाई की जाए,ताकि लोगों के आवागमन में परेशानी न हो।उन्होंने शहर में डोर- टू -डोर कूड़ा क्लेक्शन व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए।इसके लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था तत्काल शुरू कराने को कहा। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को आदर्श नगर पालिका के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।उन्होंने ने सभी दुकानदारों को अपने दुकानों पर डस्टबिन रखना अनिवार्य करने के निर्देश दिए। दुकानदारों को दो से तीन दिन का समय देकर डस्टबिन रखने के लिए जागरूक किया जाए। इसके बाद नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर दुकानदार के पास डस्टबिन रखना अनिवार्य किया जाए।जिलाधिकारी ने सफाई नायकों और संबंधित अधिकारियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर बलिया को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने का संकल्प ले।उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शहर को साफ़ - सुथरा बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।बैठक में एडीएम अनिल कुमार आदि उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment