दाँतों की नियमित सफाई एवं समय-समय पर जांच जरूरी - डॉ. मोहम्मद एहसान
दाँतों की नियमित सफाई एवं समय-समय पर जांच जरूरी : डॉ. मोहम्मद एहसान
महुआ (वैशाली) बिहार।
महुआ डेंटल केयर, नीम तल्ला चौक, पुरानी बाजार, देसरी रोड, महुआ के सौजन्य से महुआ प्रखंड के भदवास स्थित स्पीड अप क्लासेज में निःशुल्क ओरल हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख एवं दंत रोग विशेषज्ञ, कॉस्मेटोलॉजिस्ट एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहम्मद एहसान द्वारा उपस्थित लोगों के मुख एवं दांतों की जांच की गई। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाने के लिए बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित हुए। इस अवसर पर डॉ. मोहम्मद एहसान ने लोगों को दांतों एवं मुख की स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि दांतों की नियमित सफाई करना बेहद जरूरी है। स्वस्थ दांतों के लिए प्रत्येक व्यक्ति को समय-समय पर दांतों की जांच करानी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का समय रहते पता लगाकर उसका उचित उपचार किया जा सके। उन्होंने कहा कि ओरल हेल्थ का सीधा संबंध व्यक्ति के समग्र स्वास्थ्य से है। इसलिए लोगों को दांतों की देखभाल, नियमित सफाई और मुख की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। निःशुल्क ओरल हेल्थ चेकअप शिविर के आयोजन से स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कार्यक्रमों से आम लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी प्राप्त करने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने में मदद मिलती है। शिविर के दौरान लोगों ने दांतों एवं मुख के स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर अधिवक्ता प्रकाश कुमार, मोअज्जम सरकार,मोहम्मद इरशाद,मोहम्मद आसिफ, देव कुमार चौधरी, राहुल पासवान, कुंदन कुमार , अधिवक्ता, प्रमोद कुमार सहित भारी संख्या में लोग शामिल थे।
Comments
Post a Comment