कंप्यूटर शिक्षा सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी - प्रो. प्रकाश चंद्र
अवध कंप्यूटर स्टडी सेंटर में प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित
हाजीपुर (वैशाली, बिहार।
अवध कंप्यूटर स्टडी सेंटर जंदाहा के सभागार में प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रोफेसर प्रकाश चंद्र ने की, जबकि संचालन लैब इंचार्ज लालबाबू महतो ने किया। समारोह में कोर्स पूरा करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर 80 छात्र-छात्राओं को ADCA, 20 को DCA तथा 20 को Data Entry Operator कोर्स का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. प्रकाश चंद्र ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा केवल एक अतिरिक्त योग्यता नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है। आज सरकारी हो या निजी क्षेत्र, अधिकांश कार्यों में कंप्यूटर एवं डिजिटल तकनीक का ज्ञान आवश्यक हो गया है। ऐसे में विद्यार्थियों को समय के साथ कदम मिलाने के लिए कंप्यूटर शिक्षा एवं तकनीकी कौशल में दक्ष होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अवध कंप्यूटर स्टडी सेंटर विगत 23 वर्षों से सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में कंप्यूटर शिक्षा का प्रसार कर विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में निरंतर योगदान दे रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उनके घर के आसपास गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना संस्थान के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि संस्थान का प्रयास केवल प्रमाण पत्र प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में ऐसा तकनीकी कौशल विकसित करना है, जिससे वे उच्च शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
निदेशक ने कहा कि तकनीक निरंतर बदल रही है और सीखने की प्रक्रिया भी निरंतर चलती रहनी चाहिए। विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र को अपनी मेहनत और उपलब्धि का प्रमाण मानते हुए आगे भी नई तकनीकों एवं कौशल को सीखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ असिस्टेंट लैब इंचार्ज अभिषेक कुमार सहित संस्थान के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा।
Comments
Post a Comment