UPI शुल्क को लेकर व्यापारियों में बढ़ी चिंता, सुनील टिंकू ने उठाई आवाज।
बलिया (बेल्थरा रोड), बलिया, उत्तर प्रदेश।
मर्चेंट UPI भुगतान पर शुल्क लगाए जाने की चर्चा के बीच छोटे कारोबारियों में चिंता बढ़ गई है। किराना, कपड़ा, कॉस्मेटिक और अन्य कारोबार से जुड़े व्यापारी डिजिटल भुगतान पर संभावित अतिरिक्त लागत को लेकर अपनी चिंता जता रहे हैं।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला मंत्री एवं पूर्व सभासद सुनील कुमार टिंकू ने कहा कि आज छोटे-बड़े अधिकांश कारोबारी UPI के माध्यम से भुगतान स्वीकार कर रहे हैं। ऐसे में मर्चेंट भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लागू होने से छोटे व्यापारियों की लागत बढ़ सकती है।
उन्होंने कहा कि पहले से ऑनलाइन कारोबार की चुनौती का सामना कर रहे छोटे व्यापारियों के लिए डिजिटल भुगतान पर अतिरिक्त आर्थिक भार चिंता का विषय है। सरकार को व्यापारियों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करना चाहिए।
व्यापारियों का कहना है कि ग्राहक अब छोटी खरीदारी का भुगतान भी UPI से करने लगे हैं। ऐसे में डिजिटल लेनदेन पर शुल्क का असर सीधे व्यापारिक लागत पर पड़ सकता है। व्यापारियों ने सरकार से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने और छोटे कारोबारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की मांग की है।
Comments
Post a Comment