रसड़ा के ऐतिहासिक रामलीला में भगवान श्रीराम के गंगा पार जाने की लीला का हुआ भव्य मंचन।
धनंजय कुमार शर्मा
रसड़ा,बलिया। उत्तर प्रदेश।
जनपद के रसड़ा का प्रसिद्ध ऐतिहासिक रामलीला कार्यक्रम शनिवार को राम गमन से शुरू हुआ। उसके दूसरे दिन रविवार की शाम पूर्व परम्परा के अनुसार मेला कमेटी की तरफ से स्थानीय गांधी पार्क में स्थित रोशन शाह के पोखरा (सरोवर) में भगवान श्रीराम के गंगा पार जाने के लीला का भव्य मंचन किया गया।इस दौरान भगवान श्रीराम और केवट के मार्मिक संवाद को सुनने और लीला मंचन को देखने के लिए सरोवर के चारो तरफ सीढ़ियों पर बैठे-खड़े बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी हुई थी।मेला मंचन के क्रम में भगवान राम वनगमन के बाद प्रभु श्रीराम, माता जानकी, भैया लक्ष्मण जी गांधी पार्क स्थित सरोवर पर सायंकाल गंगा पार करने आये, जहां भगवान श्रीराम और नाविक निषादराज केवट के बीच अत्यंत मार्मिक संवाद हुआ।इसके बाद केवट ने भगवान श्रीराम, माता जानकी,भैया लक्ष्मण जी को गंगा पार कराया। गंगा पार मंचन के दौरान केवट की भक्ति पूर्ण मार्मिक गीत ने सभी श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर गांधी पार्क में खाने-पीने और खिलौनों की सजी दुकानों पर खरीददारी के लिए ग्राहकों की भीड़ लगी रही। देर शाम को ब्रह्मस्थान से एक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें रथ पर सवार भगवान श्रीराम,भैया लक्ष्मण तथा माता सीता को,नगर के विभिन्न स्थानों पर खड़े श्रद्धालुओं ने पूजा,अर्चना,आरती कर मंगल की कामना की।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के संरक्षक महामंडलेश्वर कौशलेंद्र गिरि महाराज,अध्यक्ष संतोष जायसवाल,महामंत्री निर्मल पांडे, अविनाश सोनी,अंजनी तिवारी सहित कमेटी के अन्य सदस्य गण मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment