सड़क हादसे में घायल पूर्व सैनिक देवेंद्र राजभर की वाराणसी में इलाज के दौरान हुई मौत।
बिल्थरारोड,बलिया। उत्तर प्रदेश
उभांव थाना अंतर्गत पतनारी कीर्तिपुर गांव निवासी सेवानिवृत्त सैनिक देवेंद्र राजभर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। वाराणसी में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बुधवार की देर शाम उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवेंद्र राजभर मंगलवार को करीब शाम 4:30 बजे अपने गांव से मोटरसाइकिल द्वारा मधुबन थाना क्षेत्र के नंदौर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान मर्यादपुर के समीप उनकी मोटरसाइकिल की ई-रिक्शा से टक्कर हो गई। इसके बाद विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल फतेहपुर सीएचसी पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। इसके बाद वाराणसी में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
देवेंद्र राजभर अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनका एक बड़ा बेटा भारतीय सेना में कार्यरत है, जो पिता के निधन की सूचना मिलने के बाद घर लौट रहा है। परिवार के मुखिया की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
देवशरण पासवान ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के बाद देवेंद्र राजभर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
इस दुखद घटना से बिल्थरारोड क्षेत्र के पतनारी कीर्तिपुर गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
Comments
Post a Comment