शिक्षक महासभा ने परिनिर्वाण दिवस पर कांशीराम साहब को दी भावभीनी श्रद्धांजलि।
कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश।
दलित पिछड़ा उपेक्षित अल्पसंख्यक शिक्षक महासभा के केंद्रीय कार्यालय पर शुक्रवार को मान्यवर कांशीराम साहब के परिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षकों ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश गौतम ने की, जबकि संचालन भुवनेश भूषण ने किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कांशीराम साहब को अद्भुत व्यक्तित्व और करिश्माई जननेता बताते हुए कहा कि उन्होंने बिना किसी बड़े आर्थिक संसाधन के सहारे राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक पार्टी खड़ी की और वंचित, शोषित एवं पिछड़े समाज को राजनीतिक पहचान दिलाई।
वक्ताओं ने कहा कि कांशीराम साहब ने ऐसे लोगों को राजनीति में आगे बढ़ाया, जिन्हें कभी ग्राम प्रधान बनने का अवसर भी नहीं मिलता था। उन्होंने दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों को विधायक, सांसद और मंत्री बनने तक पहुंचाया। साथ ही दलित मुख्यमंत्री बनाकर जातिवादी व्यवस्था को चुनौती दी और सामाजिक परिवर्तन की नई मिसाल पेश की।
उन्होंने कहा कि आज अनेक राजनीतिक दल कांशीराम साहब की सामाजिक और राजनीतिक रणनीति से प्रेरणा लेकर राजनीति कर रहे हैं। उनका संघर्ष, विचारधारा और बहुजन समाज को जागरूक करने का अभियान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
कार्यक्रम में राजेश गौतम, भुवनेश भूषण, रणजीत कुमार, पीयूष गौतम, कनिष्क गौतम, अखिलेश गौतम, डी. नाथ यादव, डॉ. पूनम चौधरी, ऊषा गौतम और उत्तम कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment