चौगान स्टेडियम में बंजारा टाइगर्स का धमाका, अब्बासी समाज को हराकर जीता जयपुर कप का खिताब।
फाइनल में बंजारा टाइगर्स ने बनाए 127 रन, अब्बासी समाज की टीम 112 रन पर सिमटी; विजेता को 51 हजार और उपविजेता को 21 हजार रुपए का पुरस्कार।
जयपुर, राजस्थान।
चौगान स्टेडियम में आयोजित जयपुर कप सर्व समाज क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 के फाइनल मुकाबले में बंजारा टाइगर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में बंजारा टाइगर्स ने अब्बासी समाज की टीम को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं राजस्थान अल्पसंख्यक विभाग के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष इमरान कुरैशी ने शिरकत की। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। कुरैशी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और एकता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, खेल भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर देते हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
बंजारा टाइगर्स ने 15 रन से मारी बाजी
फाइनल मुकाबले में बंजारा टाइगर्स ने निर्धारित 10 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अब्बासी समाज की टीम 10 ओवर में 8 विकेट खोकर 112 रन ही बना सकी। इस तरह बंजारा टाइगर्स ने 15 रन से जीत हासिल कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
विजेता को 51 हजार, उपविजेता को मिले 21 हजार रुपए
टूर्नामेंट में विजेता रही बंजारा टाइगर्स की टीम को 51 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उपविजेता अब्बासी समाज की टीम को 21 हजार रुपए नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट में सर्व समाज की भागीदारी ने खेल के जरिए आपसी सौहार्द, भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
Comments
Post a Comment