सीईसी ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन का जोरदार प्रदर्शन।
रिपोर्ट विनोद विरोधी
गया, बिहार।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को इंडिया गठबंधन के आह्वान पर कांग्रेस, राजद, सीपीआई, सीपीआई(एम), माले एवं वीआईपी सहित विभिन्न घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी एवं गिरफ्तारी की मांग को लेकर “देश बचाओ, वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ” विशाल विरोध मार्च निकाला।
मार्च गांधी मैदान स्थित धरना स्थल से शुरू होकर राय काशीनाथ मोड़, गया व्यवहार न्यायालय होते हुए समाहरणालय पहुंचा, जहां सभा में तब्दील हो गया। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना, पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह, राजद महानगर अध्यक्ष जितेंद्र यादव, मोहम्मद असीर, सीपीआई अध्यक्ष सीताराम शर्मा, मो याहिया खान, सीपीआई(एम) जिलाध्यक्ष राम खेलावन दास, पारसनाथ सिंह, कपिल देव सिंह, माले जिलाध्यक्ष निरंजन कुमार, रीता वर्णवाल, तरीक अनवर, प्रदेश प्रतिनिधि विजय कुमार मिट्ठू, जुगल किशोर सिंह, मदीना खातून, सैफुल इस्लाम, विद्या शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यकाल में निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। नेताओं ने एसआईआर के तहत मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने तथा फॉर्म-6 से जुड़े बदलावों पर भी सवाल उठाए।नेताओं ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की बर्खास्तगी एवं कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन प्रखंड से राष्ट्रीय स्तर तक जारी रहेगा। नवंबर में दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल महारैली आयोजित करने की भी घोषणा की गई।
Comments
Post a Comment