गरीब नवाज के उर्स पर रद्द अवकाश बहाल करने की मांग, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री को सौंपा ज्ञापन।
कानपुर नगर उत्तर प्रदेश।
सुल्तान-ए-हिंद हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती गरीब नवाज के सालाना उर्स पर रद्द किए गए सार्वजनिक अवकाश को बहाल करने की मांग को लेकर खादिम खानकाहे हुसैनी एवं मोहम्मदी यूथ ग्रुप के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री दानिश आजाद अंसारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अवकाश बहाल कराने का प्रयास करेंगे।मोहम्मदी यूथ ग्रुप एवं खानकाहे हुसैनी के अध्यक्ष और खादिम इखलाक अहमद डेविड चिश्ती के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को बताया कि हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती गरीब नवाज ने इंसानियत, आपसी सद्भाव और मोहब्बत का संदेश दिया। उनके दरबार में धर्म,जाति और अमीरी-गरीबी का कोई भेदभाव नहीं है। देश-विदेश से विभिन्न धर्मों के लोग अजमेर शरीफ पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं।इखलाक अहमद डेविड चिश्ती ने कहा कि गरीब नवाज के सालाना उर्स पर सार्वजनिक अवकाश बहाल करने की मांग पिछले आठ वर्षों से की जा रही है। वर्ष 2017 में प्रदेश सरकार ने 15 महापुरुषों की जयंती एवं बलिदान दिवस पर घोषित सार्वजनिक अवकाश निरस्त किए थे, जिनमें गरीब नवाज के उर्स का अवकाश भी शामिल था। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में महर्षि वाल्मीकि जयंती का निरस्त अवकाश बहाल किया जाना स्वागतयोग्य कदम है।
Comments
Post a Comment