वजीरगंज बाईपास पर बिजली के खंभे से टकराकर मूर्तियों से लदा टेंपो पलटा,पांच घायल।

 रिपोर्ट विनोद विरोधी 
गया, बिहार। 
गया-राजगीर मुख्य मार्ग एनएच-82 पर वजीरगंज थाना क्षेत्र के दखिनगांव के समीप चीनी मिट्टी की मूर्तियों से लदा एक टेंपो बिजली के खंभे से टकराकर पलट गया। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जबकि स्मृति कुमारी सुरक्षित रहीं। गंभीर रूप से घायल टेंपो चालक प्रदीप दुबे और मीणा देवी को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया रेफर किया गया। अन्य घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, वजीरगंज में उपचार किया गया।
घायलों में मनोज शर्मा (50 वर्ष), पिता लक्ष्मी शर्मा, निवासी कोसुम्भा, जिला शेखपुरा; मीणा देवी (40 वर्ष), निवासी सोरसराय; कुशा देवी (45 वर्ष) और प्रशांत कुमार (16 वर्ष), दोनों निवासी बड़हिया; तथा टेंपो चालक प्रदीप दुबे (28 वर्ष), निवासी मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। वहीं, स्मृति कुमारी (18 वर्ष), निवासी सोहसराय सुरक्षित रहीं। घायलों का उपचार डॉ. अमरजीत गौरव ने किया।
बताया गया कि टेंपो उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से छोटी-छोटी मूर्तियां लेकर आ रहा था। दखिनगांव के समीप टेंपो बिजली के खंभे से टकराकर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की मदद शुरू की। ग्रामीणों ने पहले 112 नंबर पर फोन कर पुलिस सहायता मांगी, लेकिन काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने 102 नंबर पर एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, वजीरगंज पहुंचाया।
घटना के काफी देर बाद वजीरगंज थाना का गश्ती दल एसआई समीम खान के नेतृत्व में मौके पर पहुंचा और दुर्घटनास्थल का जायजा लिया। टेंपो पर लदी मूर्तियों को वजीरगंज थाना लाया गया है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मूर्तियों को संबंधित व्यापारियों को सौंपने की बात कही गई है।
हादसे के बाद ग्रामीणों द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए दिखाई गई तत्परता की राहगीरों ने सराहना की। संकट की घड़ी में ग्रामीणों की मानवीय पहल से घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिली।

Comments

Popular posts from this blog

The Robotics and AI Innovation Lab was inaugurated at Carmel Girls' Inter College.

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक परिचर्चा का आयोजन किया गया।

जो सिफत बाप में होती है कमोबेश वही सिफत औलाद में पाई जाती है - मुफ्ती अकरम