अलीनगर मस्जिद मुआवजा घोटाला।
एसएसपी की अनुपस्थिति में मस्जिद कमेटी ने एसपी सिटी से की मुलाकात, मामला सीओ कोतवाली को सुपुर्द।
अलीनगर स्थित लगभग 200 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक मस्जिद के मुआवजे में हुए ₹19 लाख से अधिक के घोटाले और अवैध कब्जे के मामले में बृहस्पतिवार को मस्जिद कमेटी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अनुपस्थिति में पुलिस अधीक्षक (नगर) निमिष पाटील से मुलाकात की। कमेटी के पदाधिकारियों ने एसपी सिटी को पूरे प्रकरण की विस्तृत जानकारी देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई करने की मांग की।
मुलाकात के दौरान मस्जिद कमेटी ने पुलिस अधीक्षक (नगर) को अवगत कराया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के अलीनगर चौराहे पर स्थित नगर निगम रिकॉर्ड में दर्ज भवन संख्या-420 (ऐतिहासिक मस्जिद) के नाम पर स्थानीय लेखपाल और राजस्व कर्मियों की मिलीभगत से ₹19,15,327/- का फर्जी मुआवजा उठाया गया है। कमेटी ने बताया कि आरोपी बदरे आलम का इस भूमि या वक्फ रिकॉर्ड से कोई वास्ता नहीं है, इसके बावजूद वह झूठे दावों और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मस्जिद की भूमि पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है।
कमेटी के सदस्यों द्वारा दी गई इस गंभीर शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) ने इस पूरे मामले की जांच और आवश्यक कार्यवाही के लिए क्षेत्राधिकारी कोतवाली को निर्देशित कर दिया है। मस्जिद कमेटी ने उम्मीद जताई है कि पुलिस के उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप से इस मामले में निष्पक्ष जांच होगी तथा सरकारी धन का गबन करने वाले आरोपियों और संलिप्त कर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Comments
Post a Comment